जशपुर, 05 जुलाई 2026। सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले में 29 जून से 6 जुलाई 2026 तक मनाए जा रहे सहकारी सप्ताह के तहत शनिवार को कुनकुरी में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित कुनकुरी के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुनकुरी स्थित जनऔषधि केंद्र में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के अनुसार आवश्यक परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। चिकित्सकों ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, बीमारी के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने तथा समय पर उपचार लेने की सलाह दी।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने संतुलित एवं पौष्टिक आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, योग और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व पर भी प्रकाश डाला। साथ ही मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों और स्वच्छता संबंधी जागरूकता की जानकारी देकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
सहकारिता और जनसेवा का प्रभावी समन्वय
कार्यक्रम में सहकारिता विभाग, अपेक्स बैंक तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता रही। स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक शिविर में भाग लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया।
सहकारी सप्ताह के अंतर्गत आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर सहकारिता संस्थाओं के माध्यम से आमजन तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने और जनकल्याणकारी गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। जिले में सहकारी सप्ताह के दौरान किसानों एवं आम नागरिकों के हित में विभिन्न जागरूकता और जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन लगातार किया जा रहा है, जिससे सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने के साथ-साथ शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सके।