रायपुर, 05 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर पहुंचकर पद्म विभूषण से सम्मानित विश्वविख्यात पंडवानी गायिका डॉ. तीजन बाई के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से भेंट कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि डॉ. तीजन बाई ने अपनी अद्वितीय कला-साधना, समर्पण और विलक्षण प्रतिभा के बल पर पंडवानी लोकगायन को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। उन्होंने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति को विश्व मंच तक पहुंचाकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया और अपनी कला से नई पीढ़ियों को प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. तीजन बाई का निधन छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, कला परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा और वे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनी रहेंगी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।