रायगढ़: जन्मदिन के बहाने साथ ले गया, फिर चरित्र शंका में पत्नी पर कई बार चढ़ाई बुलेट; आरोपी जेल भेजा गया

रायगढ़, 05 जुलाई 2026। रायगढ़ पुलिस ने महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पत्नी की हत्या का प्रयास करने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर अपनी पत्नी को बुलेट मोटरसाइकिल से कई बार कुचलकर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार कोड़ातराई निवासी 32 वर्षीय गणेशी साहू ने थाना जूटमिल में शिकायत दर्ज कराई कि वर्ष 2014 में उनका प्रेम विवाह अमित साहू से हुआ था और उनके दो बच्चे हैं। विवाह के बाद से आरोपी पति शराब के नशे में अक्सर विवाद और मारपीट करता था। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर वह अपने बच्चों को सास के पास छोड़कर अलग किराए के मकान में रहने लगी थी।

शिकायत के अनुसार 30 जून को, जो पीड़िता का जन्मदिन था, आरोपी ने भविष्य में शराब नहीं पीने और अच्छे से रखने का भरोसा देकर उसे अपने साथ ले गया। इसके बाद 03 जुलाई 2026 की रात वह उसे बुलेट मोटरसाइकिल से अपने घर कोड़ातराई ले गया, जहां चरित्र पर संदेह को लेकर विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि गाली-गलौज और मारपीट से बचने के लिए जब महिला घर से बाहर भागी तो आरोपी ने अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से उसे टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद उसने हत्या की नीयत से मोटरसाइकिल कई बार उसके ऊपर चढ़ाई और जान से मारने की धमकी दी। घटना में महिला के हाथ, गर्दन, सिर, जांघ, चेहरे तथा शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना जूटमिल में हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अमित साहू (36 वर्ष), निवासी कोड़ातराई, थाना जूटमिल, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, एएसआई राजेन्द्र सिंह पटेल एवं पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध किसी भी प्रकार की हिंसा या जानलेवा हमले को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। घरेलू विवाद की आड़ में अपराध करने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस कानून के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment