जशपुर: महतारी वंदन योजना के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य, नहीं कराने पर रुक सकता है लाभ ,97.80 प्रतिशत हितग्राहियों का ई-केवाईसी पूर्ण, शेष महिलाओं से शीघ्र सत्यापन कराने की अपील

जशपुरनगर, 06 जुलाई 2026। महतारी वंदन योजना के अंतर्गत सभी पात्र हितग्राहियों के लिए ई-केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया गया है। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी पात्र हितग्राहियों का ई-केवाईसी कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए। उन्होंने हितग्राहियों से भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर ई-केवाईसी कराने की अपील करते हुए कहा है कि समय पर सत्यापन नहीं कराने पर योजना के लाभ से वंचित होना पड़ सकता है।

जिला महिला एवं बाल विकास विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 05 जुलाई 2026 तक जिले में महतारी वंदन योजना के 2 लाख 26 हजार 674 पंजीकृत हितग्राहियों में से 2 लाख 21 हजार 699 हितग्राहियों का ई-केवाईसी सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है, जो कुल हितग्राहियों का 97.80 प्रतिशत है। वर्तमान में 4 हजार 975 हितग्राहियों का ई-केवाईसी शेष है।

विभाग ने बताया कि योजना का लाभ बिना किसी बाधा के हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से ई-केवाईसी अनिवार्य किया गया है। जिन महिलाओं का अब तक ई-केवाईसी नहीं हुआ है, उनसे जल्द से जल्द सत्यापन प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की गई है। विभाग के अनुसार समय-सीमा के भीतर ई-केवाईसी नहीं कराने पर लाभ प्रभावित हो सकता है।

नाम मिलान की समस्या के लिए ऑटो करेक्शन सुविधा

महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि पोर्टल में नाम के मिलान से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए ऑटो करेक्शन सुविधा उपलब्ध करा दी गई है, जिससे हितग्राहियों को ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने में आसानी होगी।

ई-केवाईसी पूरी तरह निशुल्क

विभाग ने स्पष्ट किया है कि ई-केवाईसी की पूरी प्रक्रिया निशुल्क है। यदि कोई व्यक्ति ई-केवाईसी के नाम पर किसी प्रकार का शुल्क या राशि मांगता है, तो इसकी शिकायत महिला एवं बाल विकास विभाग के संबंधित कार्यालय में की जा सकती है। अधिकारियों ने हितग्राहियों से किसी भी प्रकार के प्रलोभन या अवैध वसूली से सावधान रहने की अपील की है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment