कुनकुरी, 06 जुलाई 2026। भारतीय जनता पार्टी द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती संस्मरण पखवाड़ा के तहत रविवार को कुनकुरी में जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में राष्ट्रवाद, संगठन विस्तार, सेवा और सुशासन जैसे विषयों पर व्यापक चर्चा हुई। इस अवसर पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन, व्यक्तित्व, कृतित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई, जो कार्यकर्ताओं और अतिथियों के आकर्षण का केंद्र रही।
मुख्य अतिथि एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष तथा पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक व्यापक जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने के लिए समर्पित रहता है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के अखंड भारत, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और राष्ट्रीय एकता के लिए दिए गए योगदान को स्मरण करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विश्व की अग्रणी शक्तियों में अपना स्थान बना रहा है तथा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए मानक स्थापित कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, समाज के सुख-दुख में सहभागी बनने तथा सेवा कार्यों को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।
जिला संगठन प्रभारी अमर सुल्तानिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन लाखों समर्पित कार्यकर्ताओं की तपस्या, अनुशासन और विचारधारा के प्रति निष्ठा पर आधारित है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है और बूथ संगठन की सबसे मजबूत इकाई है। बूथ जितना मजबूत होगा, संगठन उतना ही अजेय बनेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वर्षभर समाज के बीच रहकर सेवा और जनसंपर्क अभियान को गति देने का आग्रह किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा स्थापित राष्ट्रवादी विचारधारा के बल पर भारतीय जनता पार्टी आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है। उन्होंने कहा कि जशपुर जिले का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की अमूल्य पूंजी है और केंद्र तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जनसेवा कार्यों को नई गति देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री मुकेश शर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला उपाध्यक्ष उपेन्द्र यादव ने किया।
जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सम्मेलन में माटीकला बोर्ड अध्यक्ष शम्भूनाथ चक्रवर्ती, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता, जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल, जशपुर नगर पालिका उपाध्यक्ष यशप्रताप सिंह जूदेव सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा जिले भर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।