जशपुर, 09 जुलाई 2026। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांसाबेल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकों एवं मेडिकल स्टाफ की उपस्थिति, चिकित्सा उपकरणों तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को समय पर उपस्थित होकर पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली को अनिवार्य रूप से लागू करने पर भी जोर दिया।
कलेक्टर श्री व्यास ने मरीजों और उनके परिजनों के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, अस्पताल परिसर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था तथा भवन में जहां भी सीपेज या मरम्मत की आवश्यकता हो, उसका प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल की खराब पड़ी एम्बुलेंस को जल्द मरम्मत कर पुनः संचालन में लाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं बाधित न हों। उन्होंने अस्पताल भवन, शौचालय एवं पूरे परिसर की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा अनुपयोगी एवं कबाड़ सामग्री का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. एस.आर. टोप्पो, तहसीलदार श्रीमती आस्था चंद्राकर, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप मरावी, डीपीएम श्री राजीव रंजन मिश्रा सहित अस्पताल के चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।