रायपुर, 9 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को आरंग विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत समोदा में आयोजित कार्यक्रम में 128 करोड़ रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम रीवा में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से स्टॉप डैम निर्माण, समोदा स्कूल में अहाता निर्माण, पंचायत भवन में प्रथम तल निर्माण तथा ग्राम तुलसी के हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी विद्यालय में उन्नयन की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन, विकास और जनकल्याण उनकी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अधिकांश वादे पिछले ढाई वर्षों में पूरे किए जा चुके हैं। सरकार ने 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए हैं, जिनमें 10 लाख से अधिक आवास पूर्ण हो चुके हैं। किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है तथा महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में अंतरित की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सहित मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। सेवा सेतु के माध्यम से 520 से अधिक शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के जरिए शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना की अवधि तीन माह के लिए बढ़ा दी गई है।
कार्यक्रम में कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में आरंग विधानसभा क्षेत्र को अब तक 858 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिल चुकी है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान के तहत आंवला का पौधारोपण किया, सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत छात्राओं को साइकिल वितरित की तथा मिशन उत्कर्ष के तहत उत्कृष्ट विद्यार्थियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।