रायपुर, 9 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि रेडियो कार्यक्रम ‘दीदी के गोठ’ प्रदेश की माताओं और बहनों के लिए प्रेरणा का सशक्त माध्यम बन गया है। इस कार्यक्रम के जरिए महिलाओं को आत्मनिर्भरता, स्वरोजगार, नवाचार और आजीविका से जुड़ी प्रेरक जानकारियां मिल रही हैं। राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित ‘दीदी के गोठ’ वार्षिकोत्सव-2026 एवं संकुल स्तरीय संगठन सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने यह बात कही।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ‘दीदी के गोठ’ कॉफी टेबल बुक, ‘बिहान वाणी’ त्रैमासिक पत्रिका और ‘मोर गांव मोर पानी’ पुस्तक का विमोचन किया। उन्होंने सफलता की कहानी साझा करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया तथा 12 एपिसोड पर आधारित प्रदर्शनी और फोटो गैलरी का अवलोकन कर स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दुर्ग जिले की लखपति दीदी श्रीमती विद्या निषाद से वर्चुअल संवाद किया। विद्या निषाद ने बताया कि बिहान समूह के सहयोग से उन्होंने फैंसी स्टोर का व्यवसाय शुरू किया और आज प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित कर आत्मनिर्भर बन चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने उनकी सफलता की सराहना करते हुए इसे अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणादायी बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘दीदी के गोठ’ का एक वर्ष का सफल सफर पूरा हो चुका है और अब तक 12 एपिसोड प्रसारित किए जा चुके हैं। हर महीने दूसरे गुरुवार को एक सफल महिला अपनी स्थानीय बोली में संघर्ष और सफलता की कहानी साझा करती है, जिससे हजारों महिलाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। बिहान से जुड़ी महिलाएं ड्रोन दीदी, कृषि सखी, पशु सखी, ऑर्गेनिक खेती, पशुपालन और अन्य आजीविका गतिविधियों के माध्यम से आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आज की लखपति दीदियां आने वाले समय में करोड़पति बनने की दिशा में आगे बढ़ेंगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख आवास स्वीकृत हुए हैं, जिनमें 11 लाख आवास पूर्ण हो चुके हैं। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 70 लाख महिलाओं के खातों में अब तक 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 और बिजली बिल भुगतान समाधान योजना जैसी योजनाओं का भी उन्होंने उल्लेख किया।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े तथा कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने भी महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और स्व-सहायता समूहों की भूमिका पर प्रकाश डाला।