रायपुर, 8 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को रायपुर के डुमरतराई स्थित नवीन थोक बाजार फेस-2 का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि बाजार परिसर का नामकरण लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर किया जाएगा तथा परिसर में उनकी 15 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत की मजबूत नींव रखी। उनके नाम पर इस आधुनिक व्यापारिक परिसर का नामकरण राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को सम्मान देने का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर लगभग 36 एकड़ क्षेत्र में विकसित यह आधुनिक थोक बाजार व्यापार और रोजगार का नया ग्रोथ इंजन बनेगा। यहां चौड़ी सड़कें, पर्याप्त पार्किंग, सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था और आधुनिक व्यापारिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे रायपुर सहित पूरे प्रदेश के व्यापार को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ और ‘ईज ऑफ लिविंग’ दोनों को समान महत्व देते हुए व्यापार, उद्योग और निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल अब आवास निर्माण के साथ-साथ अधोसंरचना विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि वर्ष 2010 में जिस आधुनिक थोक बाजार की परिकल्पना की गई थी, वह अब साकार हो गई है। इससे व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और रायपुर शहर की यातायात व्यवस्था भी अधिक सुगम होगी।
गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि यह परियोजना प्रदेश में व्यापार, निवेश और रोजगार सृजन को नई दिशा देगी।
उल्लेखनीय है कि डुमरतराई थोक बाजार का विकास दो चरणों में किया गया है। पहले चरण में लगभग 76 करोड़ रुपये की लागत से 536 दुकानें और हॉल बनाए गए, जबकि दूसरे चरण में लगभग 145 करोड़ रुपये की लागत से 154 स्वतंत्र व्यावसायिक दुकानों का निर्माण किया गया है। दोनों चरण पूरे होने के बाद प्रदेश को एक आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त थोक व्यापारिक परिसर की सौगात मिली है।