बगीचा, 10 जुलाई 2026। नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 के शुभारंभ पर गुरुवार को विकासखंड मुख्यालय बगीचा में ब्लॉक स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का पारंपरिक तिलक लगाकर एवं पाठ्यपुस्तकों का वितरण कर आत्मीय स्वागत किया गया। शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, पालकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में पद्मश्री जागेश्वर राम, छत्तीसगढ़ माटीकला बोर्ड के अध्यक्ष शंभूनाथ चक्रवर्ती, भाजपा जिला महामंत्री मुकेश शर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभात सिदाम, उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, जनपद पंचायत अध्यक्ष गायत्री नागेश एवं जनपद पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें वितरित कर नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।

अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि बेहतर समाज और विकसित भारत के निर्माण की मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों से उपलब्ध अवसरों का पूरा लाभ उठाने तथा पालकों से बच्चों की शिक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में सेजस बगीचा, पीएम श्री कन्या आश्रम बगीचा, स्वामी रामकृष्ण आश्रम बगीचा, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बगीचा, कन्या माध्यमिक शाला बगीचा एवं बालक माध्यमिक शाला बगीचा के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा और नवप्रवेशी विद्यार्थियों के चेहरों पर नए शैक्षणिक सत्र की खुशी साफ दिखाई दी।

इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुदर्शन पटेल, बीआरसीसी कृष्ण कुमार राठौर, मंडल संयोजक संतोष गुप्ता, अकाउंटेंट शैलेश अंबस्ट, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर तिलक श्रीवास एवं ममता शर्मा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
शाला प्रवेश उत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों में विद्यालय के प्रति अपनत्व, शिक्षा के प्रति सकारात्मक सोच तथा नियमित अध्ययन की भावना को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।