पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने सरगुजा जिले के पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी विद्यालय, लखनपुर तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मेण्ड्राकला में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव में शामिल होकर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को मिठाई खिलाई, अध्ययन सामग्री वितरित की और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा ही विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे मजबूत नींव है। राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक संसाधन और प्रेरणादायक वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि आज का विद्यार्थी कल आत्मनिर्भर और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नवाचार और सुविधाओं का विस्तार कर रही है। विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन और परिश्रम को जीवन का आधार बनाने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा ही व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का सबसे सशक्त माध्यम है।
लखनपुर स्थित पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी विद्यालय में मंत्री ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा शिक्षकों और अभिभावकों से बच्चों के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
इसके बाद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मेण्ड्राकला में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने छात्राओं को साइकिल वितरित की। उन्होंने कहा कि साइकिल वितरण जैसी योजनाएं बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियां भी व्यक्तित्व विकास के लिए आवश्यक हैं।
मंत्री ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और सभी से अधिक से अधिक वृक्षारोपण एवं पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और हरित पर्यावरण ही भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि विद्यार्थी अपने परिश्रम और लगन से शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को हासिल करेंगे और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।