राजनांदगांव: सेवा सेतु केंद्र से 24 घंटे में मिला आय प्रमाण पत्र, समय पर हुआ छात्रा का कॉलेज प्रवेश

राजनांदगांव, 11 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ शासन की डिजिटल पहल ‘सेवा सेतु पोर्टल’ आम नागरिकों के लिए सुविधाजनक और प्रभावी साबित हो रही है। राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव विकासखंड में सेवा सेतु केंद्र की त्वरित कार्यप्रणाली से मात्र 24 घंटे के भीतर आय प्रमाण पत्र जारी होने से एक छात्रा का समय पर कॉलेज में प्रवेश सुनिश्चित हो गया।

डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम आयबांधा निवासी तोरण लाल अपनी पुत्री निकिता के कॉलेज प्रवेश को लेकर चिंतित थे। प्रवेश के लिए आय प्रमाण पत्र अनिवार्य था और अंतिम तिथि नजदीक होने के कारण परिवार समय पर दस्तावेज मिलने को लेकर परेशान था।

इसी दौरान उन्हें डोंगरगांव स्थित सेवा सेतु केंद्र की जानकारी मिली। आवश्यक दस्तावेजों के साथ केंद्र पहुंचने पर संचालक ने 22 जून 2026 को उनका ऑनलाइन आवेदन दर्ज किया। डिजिटल प्रक्रिया के तहत आवेदन का त्वरित निराकरण हुआ और मात्र 24 घंटे के भीतर आय प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। इससे निकिता का कॉलेज में प्रवेश निर्धारित समय-सीमा के भीतर हो सका।

हितग्राही तोरण लाल ने बताया कि पहले शासकीय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए विभिन्न कार्यालयों के कई चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती थी। सेवा सेतु केंद्र की डिजिटल व्यवस्था से उनका काम बेहद आसान और कम समय में पूरा हो गया, जिससे उनकी बेटी का भविष्य सुरक्षित हो सका।

राज्य सरकार के सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिक अब घर बैठे या अपने नजदीकी सेवा केंद्रों पर जाकर जाति, आय, निवास प्रमाण पत्र, राजस्व संबंधी सेवाएं, राशन कार्ड, पेंशन सहित 400 से अधिक शासकीय सेवाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से प्राप्त कर रहे हैं। इससे आम लोगों के समय और धन की बचत हो रही है तथा शासन की सेवाएं अधिक सुलभ बन रही हैं।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment