जशपुर, 11 जुलाई 2026। कलेक्टर रोहित व्यास की पहल और इनोवेशन एंड साइंस प्रमोशन फाउंडेशन के सहयोग से स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय, जशपुर में कक्षा 9वीं और 10वीं के विज्ञान शिक्षकों के लिए विशेष प्रायोगिक प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप विद्यालयों में प्रयोग आधारित शिक्षण को बढ़ावा देना और विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना रहा।
प्रशिक्षण में पुणे से आए वैज्ञानिक एवं इनोवेशन एंड साइंस प्रमोशन फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. प्रचेता मलिक और उनकी चार सदस्यीय टीम ने शिक्षकों को भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीवविज्ञान से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रयोगों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
ज्वाइंट कलेक्टर प्रशांत कुशवाहा के मार्गदर्शन में जिले के सभी शासकीय हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में प्रयोग आधारित अध्ययन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
वैज्ञानिक टीम के सदस्य रोबिन पुष्प, ऋतिक झा, हेमंत मुदलियार और रुचि सिंह ठाकुर ने शिक्षकों को डीआईवाई (Do It Yourself) गतिविधियों के माध्यम से पैराशूट, बैटरी, माइक्रोस्कोप, रेस्पिरोमीटर और स्ट्रॉ प्रोपेलर तैयार करना सिखाया। साथ ही एसिड-बेस न्यूट्रलाइजेशन रिएक्शन तथा कागज के माध्यम से ज्यामितीय आकृतियां बनाने जैसे प्रयोग भी कराए गए।
प्रशिक्षण में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत एक्सपीरियंशियल लर्निंग, एक्टिविटी बेस्ड लर्निंग और कंपिटेंसी बेस्ड लर्निंग की अवधारणाओं पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। शिक्षकों को डिजिटल माध्यम से अन्य विज्ञान प्रयोगों का मैन्युअल भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें इलेक्ट्रोप्लेटिंग, मैग्नेटिक पेन स्टैंड, क्रोमैटोग्राफी, सेंट्रीफ्यूज, सॉइल इरोजन मॉडल और मैग्नेटिक फील्ड लाइन जैसे प्रयोग शामिल हैं।
इस अवसर पर एबीईओ टुमनू गोसाई, यशस्वी जशपुर के अवनीश पांडेय, संजय दास, मास्टर ट्रेनर प्रभात मिश्रा, दीपक ग्वाला, श्रीमती मनीषा भगत सहित जिले के सभी हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के विज्ञान शिक्षक उपस्थित रहे।