जशपुर, 11 जुलाई 2026। जशपुर वनमंडल के विभिन्न वन परिक्षेत्रों में इन दिनों लगभग 32 हाथियों का दल सक्रिय रूप से विचरण कर रहा है। हाथियों की लगातार आवाजाही को देखते हुए वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं को रोका जा सके।
वन विभाग के अनुसार पत्थलगांव, बगीचा, कुनकुरी और कांसाबेल वन परिक्षेत्रों के अनेक गांवों के आसपास हाथियों की गतिविधियां दर्ज की गई हैं। विभाग द्वारा आरआरटी (रैपिड रिस्पांस टीम) और मैदानी अमले की लगातार निगरानी कराई जा रही है तथा ग्रामीणों को समय-समय पर हाथियों की लोकेशन की जानकारी दी जा रही है।
वनमंडलाधिकारी ने बताया कि हाथियों के वन क्षेत्र में विचरण के दौरान ग्रामीण जंगल जाने से बचें तथा महुआ, लकड़ी या अन्य वनोपज संग्रह के लिए भी बिना जानकारी के जंगल में प्रवेश न करें। हाथियों के करीब जाने, उन्हें उकसाने, पीछा करने या मोबाइल से सेल्फी एवं वीडियो बनाने का प्रयास न करें, क्योंकि इससे गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
वन विभाग ने ग्राम स्तर पर जनजागरूकता अभियान भी शुरू किया है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर केवल वन विभाग द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों या आरआरटी टीम को सूचित करें।
वन विभाग ने विश्वास जताया है कि ग्रामीणों की सतर्कता, सहयोग और समय पर सूचना मिलने से मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं को प्रभावी ढंग से रोका जा सकता है।