कबीरधाम: भोरमदेव में 6 किमी इको ट्रेल शुरू, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया शुभारंभ, पर्यटन को मिलेगी नई रफ्तार

कबीरधाम, 12 जुलाई 2026। भोरमदेव अभ्यारण्य में प्रकृति संरक्षण और इको-टूरिज्म को नई पहचान देते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने वन महोत्सव और 6 किलोमीटर लंबी भोरमदेव इको ट्रेल का शुभारंभ किया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों के साथ इको ट्रेल का भ्रमण कर प्राकृतिक सौंदर्य, जैव विविधता और वन्यजीवों का अवलोकन किया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भोरमदेव क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य से समृद्ध है और यहां पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने बताया कि होटल, परिवहन, हस्तशिल्प और स्थानीय व्यवसायों को भी इससे सीधा लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की स्वदेश दर्शन योजना के तहत भोरमदेव क्षेत्र के समग्र पर्यटन विकास के लिए 146 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस राशि से प्रवेश द्वार, संग्रहालय, पार्क, पार्किंग, मेला स्थल, छेरकी महल, मड़वा महल, रामचूंआ और सरोदा बांध सहित कई पर्यटन स्थलों का विकास किया जा रहा है।

वन विभाग द्वारा विकसित 6 किलोमीटर लंबी इको ट्रेल को पूरा करने में लगभग 3 से 4 घंटे का समय लगेगा। ट्रेल के दौरान पर्यटक प्रशिक्षित नेचर गाइड के साथ जंगल भ्रमण, पक्षियों, तितलियों, औषधीय वनस्पतियों और वन्यजीवों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

वन महोत्सव के अवसर पर करियाआमा ग्राम में 51 काला आम के पौधों का रोपण किया गया। साथ ही 50 हजार सीड बॉल अभियान और एक लाख पौधों के वितरण अभियान की शुरुआत हुई। बैगा समुदाय के 100 हितग्राहियों को सोलर लालटेन और जैकेट भी वितरित किए गए।

वन मंडलाधिकारी निखिल अग्रवाल ने बताया कि भोरमदेव इको ट्रेल का संचालन प्रत्येक शनिवार और रविवार को करियाआमा गेट स्थित भोरमदेव इको कैंप से किया जाएगा। इसमें भाग लेने के लिए 1,000 रुपये प्रति व्यक्ति शुल्क निर्धारित किया गया है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment