सरगुजा, 12 जुलाई 2026। विकासखंड उदयपुर स्थित स्वामी आत्मानंद गवर्नमेंट अंग्रेजी माध्यम स्कूल में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने बच्चों को मिठाई खिलाकर नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत कराई तथा अध्ययन सामग्री वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर, जागरूक और संस्कारित समाज के निर्माण की मजबूत नींव है।
उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि विद्यालय बच्चों के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और आत्मविश्वास निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनकी मंत्री ने सराहना की। इस दौरान मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की प्रशंसा की गई और उन्हें आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।
मंत्री श्री अग्रवाल ने नए शैक्षणिक सत्र के लिए विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में परिवार और शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उनके संयुक्त प्रयासों से ही शिक्षित और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।