जशपुर: कलेक्टर रोहित व्यास ने विकास योजनाओं की समीक्षा की, समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरे करने के दिए निर्देश

जशपुर: कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में ग्राम पंचायतों में संचालित विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की प्रत्येक योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, श्रम विभाग तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवनों, विशेषकर प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत स्वीकृत भवनों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने महतारी वंदन योजना की लंबित ई-केवाईसी शीघ्र पूर्ण कराने, सभी आंगनबाड़ी बच्चों की अपार आईडी तथा गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों की शत-प्रतिशत आभा आईडी बनाने के निर्देश भी दिए, ताकि शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ डिजिटल माध्यम से आसानी से उपलब्ध हो सके।

सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों की आधार सीडिंग, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों का निर्माण समय-सीमा में पूरा करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत ओडीएफ प्लस, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, कचरा संग्रहण, हाट-बाजारों की सफाई, शौचालय निर्माण, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छता श्रमदान की प्रगति की भी समीक्षा कर सभी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

श्रमिकों के लिए विशेष अभियान

कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने बताया कि जिले में पंजीकृत श्रमिकों की आधार आधारित ई-केवाईसी शुरू की जा रही है। इसके लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जहां श्रमिकों की जानकारी का सत्यापन और आवश्यक संशोधन किए जाएंगे। उन्होंने श्रमिक कल्याण योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक श्रमिकों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश भी दिए।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment