जशपुर, 13 जुलाई 2026। जशपुर जिले के लिए आज का दिन ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) ने गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज जशपुर-कुनकुरी को शैक्षणिक सत्र 2026-27 से 50 एमबीबीएस सीटों के साथ संचालन की औपचारिक अनुमति (Letter of Permission) प्रदान कर दी है। इसके साथ ही जशपुर जिले में पहली बार एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू होने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।
एनएमसी द्वारा 12 जुलाई 2026 को जारी अनुमति पत्र के अनुसार, पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल हेल्थ साइंस एंड आयुष विश्वविद्यालय, रायपुर से संबद्ध गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज जशपुर-कुनकुरी में अब प्रत्येक वर्ष 50 विद्यार्थियों को एमबीबीएस में प्रवेश दिया जाएगा।
यहां से पूरा डिटेल देखें
यह उपलब्धि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के विशेष प्रयासों, दूरदर्शी नेतृत्व और जशपुर के समग्र विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का भी परिणाम मानी जा रही है। मुख्यमंत्री के सतत मार्गदर्शन में स्वास्थ्य एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में जिले को यह ऐतिहासिक सौगात मिली है। वहीं जिला कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निरंतर प्रयासों, प्रभावी समन्वय और समयबद्ध तैयारियों ने मेडिकल कॉलेज को एनएमसी के सभी आवश्यक मानकों के अनुरूप स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
एनएमसी ने अनुमति के साथ यह भी स्पष्ट किया है कि मेडिकल कॉलेज को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम-2019 तथा यूजी मेडिकल एजुकेशन स्टैंडर्ड्स रेगुलेशन-2023 के सभी मानकों का निरंतर पालन करना होगा। कॉलेज में अस्पताल, भवन, चिकित्सा उपकरण, फैकल्टी, बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट, सुरक्षा, सीसीटीवी, बायोमेट्रिक उपस्थिति और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखना अनिवार्य होगा।
गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज की शुरुआत से अब जशपुर और आसपास के हजारों विद्यार्थियों को एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। साथ ही जिले में स्वास्थ्य सेवाएं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता भी बेहतर होगी।
यह केवल एक मेडिकल कॉलेज की मंजूरी नहीं, बल्कि जशपुर के विकास, स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के नए युग की शुरुआत है। जशपुर जिले के इतिहास में 13 जुलाई 2026 का दिन निश्चित रूप से स्वर्ण अक्षरों में दर्ज किया जाएगा।