रायपुर: छत्तीसगढ़ को मिले 5 नए शासकीय मेडिकल कॉलेज, कुनकुरी समेत 250 नई MBBS सीटों को मंजूरी

रायपुर: छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक विस्तार हुआ है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने गीदम (दंतेवाड़ा), कुनकुरी (जशपुर), मनेन्द्रगढ़, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम में 50-50 एमबीबीएस सीटों वाले पांच नए शासकीय मेडिकल कॉलेजों की स्थापना को शैक्षणिक सत्र 2026-27 से मंजूरी दे दी है। इससे प्रदेश में एक साथ 250 नई एमबीबीएस सीटों का विस्तार होगा।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इसे विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा राज्य की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर युवा को डॉक्टर बनने का अवसर देना और हर नागरिक तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गीदम से लेकर कुनकुरी जैसे आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्रों में मेडिकल कॉलेजों की स्थापना इस बात का प्रमाण है कि डबल इंजन सरकार विकास के अवसरों को अंतिम छोर तक पहुंचा रही है। इससे स्थानीय युवाओं को अपने ही राज्य में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा मिलेगी और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का भी विस्तार होगा।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जे.पी. नड्डा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य अधोसंरचना लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए मेडिकल कॉलेज चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के सशक्त केंद्र बनेंगे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment