मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर: खड़गंवा के गज्जूपानी जलाशय के जीर्णोद्धार के लिए 3.08 करोड़ रुपये स्वीकृत, 182 हेक्टेयर क्षेत्र को मिलेगा सिंचाई का लाभ

रायपुर: छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य शासन के जल संसाधन विभाग ने विकासखंड खड़गंवा अंतर्गत स्थित गज्जूपानी जलाशय के जीर्णोद्धार के लिए 3 करोड़ 8 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के पूर्ण होने के बाद 182 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा का विस्तार होगा, जिससे किसानों को खेती के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा।

स्वीकृत राशि से गज्जूपानी जलाशय के मुख्य बांध तथा उससे जुड़ी मुख्य नहरों के जीर्णोद्धार और मरम्मत का कार्य कराया जाएगा। लंबे समय से बेहतर रखरखाव की प्रतीक्षा कर रही इस जल संरचना के सुदृढ़ीकरण से नहरों में पानी की बर्बादी रुकेगी और अंतिम छोर (टेल एंड) तक सिंचाई का पानी सुगमता से पहुंच सकेगा।

जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, योजना के अंतर्गत प्रस्तावित सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएंगे। जीर्णोद्धार कार्य पूर्ण होने के बाद किसानों को खरीफ और रबी दोनों फसलों के लिए पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इससे 182 हेक्टेयर कृषि भूमि को बेहतर और सुनिश्चित सिंचाई का लाभ मिलेगा, जिससे क्षेत्र में कृषि उत्पादन बढ़ने के साथ-साथ किसानों की आय में भी सीधा इजाफा होने की उम्मीद है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment