सारंगढ़-बिलाईगढ़: वीबी-जी रामजी के तहत स्व-सहायता समूहों ने तैयार किए 30 हजार सीड बॉल, पर्यावरण संरक्षण अभियान को मिली नई गति

रायपुर: विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) (वीबी-जी रामजी) के अंतर्गत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के जनपद पंचायत सारंगढ़ की ग्राम पंचायत गोड़म में सीएलएफ क्लस्टर से जुड़ी स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उल्लेखनीय पहल करते हुए लगभग 30 हजार सीड बॉल तैयार किए हैं। इस पहल का उद्देश्य वर्षा ऋतु में अधिक से अधिक पौधों का प्राकृतिक रूप से विकास सुनिश्चित करना और हरित आवरण बढ़ाना है।

सीड बॉल का वितरण जिला पंचायत अध्यक्ष, कलेक्टर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, क्लस्टर के सरपंचों, अन्य अधिकारियों तथा स्व-सहायता समूह की महिलाओं की उपस्थिति में क्लस्टर अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायतों को किया गया। इस अवसर पर सभी ने मानव श्रृंखला बनाकर बीज रोपण उत्सव मनाया तथा वीबी-जी रामजी अभियान के तहत पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि इन सीड बॉल का उपयोग वीबी-जी रामजी के अंतर्गत निर्मित तालाबों एवं डबरियों की मेड़ों सहित अन्य उपयुक्त स्थलों पर किया जाएगा। इसका उद्देश्य वर्षा ऋतु में हरित क्षेत्र का विस्तार करना, जल संरक्षण को बढ़ावा देना तथा पर्यावरणीय संतुलन को मजबूत बनाना है।

इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों को वीबी-जी रामजी योजना के उद्देश्यों, जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन तथा जनभागीदारी आधारित विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही सभी से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर इसे जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया गया।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment