जशपुर: कीचड़ वाली सड़क की खबर पर पीडब्ल्यूडी का स्पष्टीकरण, 110.33 करोड़ की सड़क परियोजना पर तेजी से जारी है काम

जशपुर: समाचार पत्र में प्रकाशित “बारिश से कीचड़ में तब्दील हुई सड़क, पैदल चलने तक की जगह नहीं” शीर्षक समाचार के संबंध में लोक निर्माण विभाग, संभाग पथलगांव ने अपना स्पष्टीकरण जारी किया है। विभाग ने कहा है कि पंडरापानी-पीलल चौक से परहाटोली तक सड़क निर्माण कार्य निर्धारित योजना के अनुसार प्रगति पर है तथा मार्ग पर यातायात सुचारू रूप से संचालित हो रहा है।

कार्यपालन अभियंता, लोक निर्माण विभाग संभाग पथलगांव ने बताया कि जिला जशपुर के लुडेग-तपकरा-लवाकेरा मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए शासन द्वारा 11033.00 लाख रुपये (110.33 करोड़ रुपये) की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस परियोजना के निर्माण के लिए 15 अक्टूबर 2025 को ठेकेदार मैसर्स सिद्धि विनायक इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रा. लि. को कार्यादेश जारी किया गया था। कार्य पूर्ण करने के लिए मई 2027 तक की समय-सीमा निर्धारित की गई है।

विभाग के अनुसार निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगति पर है। मार्ग के लगभग आधे हिस्से पर जीएसबी (Granular Sub Base) मटेरियल डालकर आवागमन के लिए सड़क को सुधारा जा चुका है। विभाग का कहना है कि मार्ग पर यातायात प्रभावित नहीं है और निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ कराया जा रहा है।

लोक निर्माण विभाग ने स्पष्ट किया कि आवागमन को सुगम बनाए रखने के लिए मौजूदा मार्ग पर बने गड्ढों को समय-समय पर अस्थायी रूप से भरा जा रहा है। विभाग द्वारा निर्धारित समयावधि के भीतर सड़क निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ पूरा करने का प्रयास लगातार किया जा रहा है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment