जशपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप संचालित सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में अभियान का बेहतर और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं से वंचित न रहे।
कलेक्टर ने बताया कि सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के तहत पात्र हितग्राहियों को 31 प्रकार की शासकीय योजनाओं से लाभान्वित किया जाना है। इसके लिए सर्वेक्षण के माध्यम से छूटे हुए पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन कर उन्हें योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार, सभी एसडीएम, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के तहत पात्र हितग्राहियों को जॉब कार्ड, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, जल जीवन मिशन, आयुष्मान कार्ड, आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों का शत-प्रतिशत पंजीयन, जननी सुरक्षा योजना, आय, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र, विवाह प्रमाण-पत्र, गर्भवती महिलाओं और बच्चों का संपूर्ण टीकाकरण, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, आधार कार्ड, कौशल विकास योजना के तहत युवाओं का प्रशिक्षण, श्रम कार्ड सहित अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।
समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं से संबंधित कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने मंगल भवन, सामुदायिक भवन, सीसी रोड, सांस्कृतिक भवन, खेल मैदान, मिनी स्टेडियम सहित विभिन्न प्रगतिरत निर्माण कार्यों की जानकारी लेकर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ कार्य कराने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री जनदर्शन तथा कलेक्टर जनदर्शन में लंबित आवेदनों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित प्रकरणों का गंभीरता और समयबद्ध तरीके से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।