जशपुर: ऑपरेशन ‘आघात’ में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 552.16 किलो 1.20 करोड़ का गांजा और 3 कारें जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

जशपुर: सरगुजा रेंज में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अलग-अलग कार्रवाई में पुलिस ने 552.16 किलोग्राम गांजा, तस्करी में प्रयुक्त तीन कारें जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो वाहन चालक जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। जब्त गांजा और वाहनों की कुल कीमत 1 करोड़ 20 लाख 82 हजार 400 रुपये आंकी गई है।
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के नेतृत्व में पूरे संभाग में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिलों के बीच बेहतर समन्वय और सूचनाओं के आदान-प्रदान के चलते लगातार बड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर की पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह से मिली सूचना के आधार पर जशपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
कुनकुरी में 311.35 किलो गांजा बरामद
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कुनकुरी क्षेत्र में इनोवा कार (OD-17J-0205) की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया। तलाशी लेने पर वाहन की डिक्की से 295 पैकेटों में 311.35 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 46.70 लाख रुपये है। पुलिस ने गांजा के साथ लगभग 15 लाख रुपये कीमत की इनोवा कार भी जब्त कर ली।
बगीचा में 240.810 किलो गांजा, दो आरोपी गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई बगीचा और नारायणपुर थाना क्षेत्र में की गई। यहां ब्रेजा (OD-02BH-9811) और आर्टिगा (OD-16N-9229) कारों की घेराबंदी की गई। ब्रेजा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जबकि आर्टिगा में सवार दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों वाहन की तलाशी में 240.810 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन्द्र राउत (29 वर्ष), निवासी सुंदरगढ़ (ओडिशा) तथा मोहम्मद समीर (26 वर्ष), निवासी सुंदरगढ़ (ओडिशा) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने गांजा तस्करों के लिए रेकी करने की बात स्वीकार की है।
दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
जनवरी से अब तक बड़ी कार्रवाई
जशपुर पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक जिले में नशे के खिलाफ अभियान के दौरान—
1269.071 किलोग्राम गांजा (करीब 4 करोड़ रुपये मूल्य) जब्त
1840 कफ सिरप (करीब 13.50 लाख रुपये)
8.04 ग्राम ब्राउन शुगर
130 गांजा के पौधे
875 नशीले इंजेक्शन जब्त
33 आरोपियों की गिरफ्तारी
14 तस्करी में प्रयुक्त वाहन जब्त किए जा चुके हैं।
इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक (क्राइम ब्रांच), एसडीओपी बगीचा, एसडीओपी पत्थलगांव, थाना प्रभारी कुनकुरी, नारायणपुर और बगीचा सहित संयुक्त पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment