जशपुर: सन्ना क्षेत्र के युवक ने जिला अस्पताल से उड़ाई स्कूटी, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन बरामद किया

जशपुर: जशपुर पुलिस ने जिला अस्पताल परिसर से चोरी हुई स्कूटी के मामले का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई हीरो मैस्ट्रो स्कूटी (CG-10 U-5513) बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ सिटी कोतवाली थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी टिकैतगंज निवासी अनिमा लकड़ा, जो जिला अस्पताल जशपुर में मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट के पद पर कार्यरत हैं, ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपनी स्कूटी अस्पताल परिसर स्थित सिटी स्कैन यूनिट के सामने पार्क की थी। ड्यूटी से लौटने पर स्कूटी वहां नहीं मिली, जिसके बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस लगातार संदिग्धों और चोरी गए वाहन की तलाश में जुटी रही। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि मिलन चौक के पास एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी की स्कूटी के साथ घूम रहा है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम जागेश्वर विश्वकर्मा (35 वर्ष), निवासी ग्राम तमया, थाना सन्ना, जिला जशपुर बताया।

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने जिला अस्पताल परिसर से स्कूटी चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि स्कूटी में चाबी लगी देखकर उसके मन में चोरी का विचार आया और वह स्कूटी लेकर अपने गांव चला गया। पहचान छिपाने के लिए उसने वाहन के आगे और पीछे लिखे नंबर भी मिटा दिए। बाद में उसी स्कूटी से जशपुर आने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की स्कूटी बरामद कर जब्त कर ली है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, सहायक उप निरीक्षक मनोज सिंह, प्रधान आरक्षक अनंत मिराज किस्पोट्टा, आरक्षक शोभनाथ सिंह एवं विनोद तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment