जशपुर: शहर की प्रतिष्ठित कंप्यूटर शिक्षण संस्था इंटीग्रिटी एजुकेशन एआईएसईसीटी अधिकृत कौशल एवं ज्ञान प्रदाता केंद्र में डीसीए एवं पीजीडीसीए के विद्यार्थियों का डिप्लोमा एवं अंकसूची वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री लाल उमेद सिंह रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए डीआईजी श्री लाल उमेद सिंह ने कहा कि निरंतर प्रयास, अनुशासन और ईमानदारी ही सफलता का आधार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से तकनीक का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वयं की सुरक्षा के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि आज के युवा देश का भविष्य हैं। यदि वे अपने कौशल के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को भी समझेंगे, तो समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उनके प्रेरणादायक संबोधन को विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सुना।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था की निदेशक श्रीमती अंजना शर्मा ने की। संस्था के प्रबंधक श्री हिमालय शर्मा एवं डॉ. आर्या शर्मा ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस अवसर पर सफल विद्यार्थियों को डिप्लोमा एवं अंकसूची प्रदान की गई तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि डीआईजी श्री लाल उमेद सिंह ने विद्यार्थियों के साथ स्मृति स्वरूप समूह छायाचित्र भी खिंचवाए।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 1996 से संचालित इंटीग्रिटी एजुकेशन (शर्मा कंप्यूटर्स) जशपुर कंप्यूटर शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी संस्थानों में शामिल है और कौशल आधारित शिक्षा के माध्यम से युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए तैयार कर रहा है।