जशपुर: नवोदय चयन परीक्षा-2027 के लिए विशेष पहल, अधिक से अधिक विद्यार्थियों के पंजीयन पर जोर

जशपुर: जिले के अधिक से अधिक विद्यार्थियों, विशेषकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST)-2027 से जोड़ने के लिए विशेष पहल शुरू की गई है। नवोदय विद्यालय समिति (एनवीएस) के आयुक्त राजेश लखानी ने कलेक्टर रोहित व्यास को पत्र भेजकर जिले में व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से अधिकाधिक पात्र विद्यार्थियों का ऑनलाइन पंजीयन सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया है।

आयुक्त ने पत्र में जिला प्रशासन द्वारा जवाहर नवोदय विद्यालय के सफल संचालन में दिए जा रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि प्रशासन के मार्गदर्शन में विद्यालय लगातार उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि कक्षा 6 में प्रवेश केवल जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST) के माध्यम से होता है, जो समिति की सबसे महत्वपूर्ण प्रवेश प्रक्रिया है।

समिति के अनुसार पिछले वर्ष देशभर में लगभग 26 लाख विद्यार्थियों ने इस परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था। इस वर्ष विशेष रूप से बालिकाओं की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है। चूंकि अधिकांश अभ्यर्थी ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से आते हैं, इसलिए पात्र और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों तक ऑनलाइन पंजीकरण और प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी पहुंचाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे उपलब्ध सभी माध्यमों से JNVST-2027 के ऑनलाइन आवेदन, नवोदय विद्यालयों में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं तथा निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा की जानकारी विद्यार्थियों और अभिभावकों तक पहुंचाएं। साथ ही जिले के जवाहर नवोदय विद्यालयों के प्राचार्यों को भी पंजीकरण और चयन परीक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

31 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन

कक्षा 6 में प्रवेश के लिए JNVST-2027 हेतु ऑनलाइन आवेदन 31 जुलाई तक किए जा सकते हैं, जबकि चयन परीक्षा 28 नवंबर को आयोजित होगी। इच्छुक विद्यार्थी नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment