छत्तीसगढ़: किसी भी राज्य की प्रगति का सबसे मजबूत आधार उसकी शिक्षा व्यवस्था होती है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तभी संभव है जब शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर पदोन्नति, सेवा सुरक्षा, वित्तीय सम्मान और शोध के पर्याप्त अवसर उपलब्ध हों। छत्तीसगढ़ सरकार ने उच्च शिक्षा विभाग में इसी सोच के साथ व्यापक सुधारों की शुरुआत की है। हाल के महीनों में लिए गए निर्णयों ने उच्च शिक्षा संस्थानों को केवल शिक्षण तक सीमित न रखकर उन्हें अकादमिक उत्कृष्टता, प्रशासनिक दक्षता, रोजगार सृजन, शोध एवं नवाचार तथा कर्मचारी कल्याण के मजबूत केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में नई गति प्रदान की है।
पदोन्नति से मजबूत हुआ शैक्षणिक नेतृत्व
महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों की गुणवत्ता काफी हद तक उनके नेतृत्व पर निर्भर करती है। लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रियाओं को गति देते हुए राज्य सरकार ने वर्ष 2025 में रिकॉर्ड 362 सहायक प्राध्यापकों को पदोन्नत कर प्रोफेसर बनाया। इसके साथ ही 152 पदोन्नत प्रोफेसरों को स्नातक महाविद्यालयों का प्राचार्य तथा 7 स्नातक प्राचार्यों को स्नातकोत्तर (पीजी) प्राचार्य के पद पर पदोन्नत किया गया।
इन निर्णयों से उच्च शिक्षा संस्थानों में अनुभवी नेतृत्व को जिम्मेदारी मिली है, जिससे शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशासनिक दक्षता, अनुशासन और जवाबदेही में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद है।
युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर
राज्य सरकार ने उच्च शिक्षा संस्थानों में रिक्त पदों को भरने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। 595 प्राध्यापक पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इसके अलावा विभाग को और अधिक मजबूत बनाने के लिए 700 नए पदों पर भर्ती की मंजूरी दी गई है। इनमें 625 सहायक प्राध्यापक, 50 ग्रंथपाल तथा 25 क्रीड़ाधिकारी शामिल हैं।
इन नियुक्तियों से महाविद्यालयों में विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ेगी, पुस्तकालयों को नई मजबूती मिलेगी और खेल गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। इससे प्रदेश के हजारों योग्य युवाओं के लिए सरकारी सेवा के नए अवसर खुलेंगे।
CG-SET से युवाओं को मिलेगा बड़ा अवसर
उच्च शिक्षा में सहायक प्राध्यापक बनने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए छत्तीसगढ़ राज्य पात्रता परीक्षा (CG-SET) महत्वपूर्ण माध्यम है। विभाग ने इस परीक्षा का आयोजन 4 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित किया है।
यह परीक्षा नई पीढ़ी की प्रतिभाओं को अकादमिक क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर देगी और प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
प्रयोगशालाओं को मिली नई मजबूती
विज्ञान और तकनीकी शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए प्रशिक्षित तकनीकी स्टाफ की उपलब्धता आवश्यक होती है। इस दिशा में वर्ष 2025-26 के दौरान 260 रिक्त प्रयोगशाला तकनीशियन पदों के विरुद्ध 247 अभ्यर्थियों तथा 429 प्रयोगशाला परिचारक पदों के विरुद्ध 399 अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश जारी किए जा चुके हैं।
इन नियुक्तियों से प्रयोगशालाओं का संचालन अधिक प्रभावी होगा तथा विद्यार्थियों को व्यवहारिक प्रशिक्षण का बेहतर वातावरण मिलेगा।
कर्मचारियों को मिला वित्तीय और सेवा संबंधी लाभ
राज्य सरकार ने वर्षों से लंबित मामलों का समाधान करते हुए 72 सहायक प्राध्यापकों को उनकी प्रथम नियुक्ति तिथि से वरिष्ठ, प्रवर श्रेणी एवं पे-बैंड-4 का लाभ प्रदान किया। इसके तहत 37 करोड़ 23 लाख रुपये की एरियर्स राशि सीधे उनके खातों में अंतरित की गई।
इसी प्रकार वर्ष 2021 एवं 2022 में नियुक्त लगभग 1168 सहायक प्राध्यापकों में से 935 शिक्षकों की परिवीक्षा अवधि समाप्त कर उन्हें स्थायी सेवा सुरक्षा प्रदान की गई। इससे शिक्षकों का मनोबल बढ़ा है और संस्थानों को अनुभवी एवं स्थायी शैक्षणिक कार्यबल मिला है।
शोध और नवाचार को मिला प्रोत्साहन
ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था में शोध की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए राज्य सरकार ने 577 सहायक प्राध्यापकों को पीएचडी करने की अनुमति प्रदान की है।
इससे प्रदेश के महाविद्यालयों में शोध संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा, नई शोध परियोजनाओं को गति मिलेगी और विद्यार्थियों तक नवीनतम ज्ञान एवं शोध आधारित शिक्षा पहुंच सकेगी।
कर्मचारी कल्याण को मिली संवेदनशील दिशा
उच्च शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के साथ-साथ तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के हितों का भी विशेष ध्यान रखा है।
दिसंबर 2023 से अब तक 34 दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई है, जिससे प्रभावित परिवारों को आर्थिक संबल मिला है।
इसके अलावा 324 कर्मचारियों को उच्चतर समयमान वेतनमान का लाभ दिया गया तथा वर्ष 2024-25 की पदोन्नति संबंधी सभी कार्यवाहियां समय-सीमा के भीतर पूर्ण की गईं। इससे कर्मचारियों में विश्वास बढ़ा है और विभागीय कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनी है।
उच्च शिक्षा में उभर रहा परिवर्तन का नया मॉडल
उच्च शिक्षा विभाग के ये निर्णय केवल प्रशासनिक उपलब्धियां नहीं हैं, बल्कि एक व्यापक सुधार मॉडल का हिस्सा हैं, जिसमें शैक्षणिक नेतृत्व, नई भर्ती, सेवा सुरक्षा, कर्मचारी कल्याण, तकनीकी संसाधनों का विस्तार और शोध संवर्धन को समान प्राथमिकता दी गई है।
राज्य सरकार का उद्देश्य उच्च शिक्षा संस्थानों को केवल डिग्री प्रदान करने वाले केंद्रों तक सीमित न रखकर उन्हें ज्ञान, नवाचार, शोध और सामाजिक परिवर्तन के प्रभावी केंद्र के रूप में विकसित करना है। पदोन्नति, नई नियुक्तियां, शोध को प्रोत्साहन, वित्तीय लाभ और कर्मचारी हितों से जुड़े फैसले इस दिशा में मजबूत आधार तैयार कर रहे हैं।
आने वाले वर्षों में इन पहलों का सीधा लाभ प्रदेश के विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और युवाओं को मिलेगा। इससे छत्तीसगढ़ की उच्च शिक्षा व्यवस्था अधिक आधुनिक, प्रतिस्पर्धी और रोजगारोन्मुख बनेगी तथा राज्य ज्ञान आधारित विकास की दिशा में नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर होगा।