रायपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार समाज के हर वर्ग के विकास, किसानों की समृद्धि, महिलाओं के सशक्तिकरण, पारदर्शी सुशासन और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार ने ढाई वर्षों में अधिकांश मोदी गारंटियों को पूरा कर जनता का विश्वास मजबूत किया है।
मुख्यमंत्री श्री साय राजधानी रायपुर के ग्राम बरौदा में आयोजित झेरिया यादव समाज के महासम्मेलन एवं नवनिर्मित सामाजिक भवन के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने रायपुर में झेरिया यादव समाज के सामाजिक भवन निर्माण के लिए 15 लाख रुपये की घोषणा की। साथ ही ग्राम बरौदा में बने नए सामाजिक भवन का लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यादव समाज भारतीय संस्कृति, जीवन मूल्यों और गौ-सेवा की गौरवशाली परंपरा का संवाहक रहा है। भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों पर चलने वाला यह समाज धर्म, सेवा और सामाजिक समरसता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि संगठित और जागरूक समाज ही मजबूत राष्ट्र की आधारशिला होता है तथा ऐसे सामाजिक सम्मेलन सामाजिक सुधार और एकता को नई दिशा देते हैं।
मोदी की गारंटियों पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बनने के बाद पहली ही कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। इसके अलावा विशेष पिछड़ी जनजातियों (पीवीटीजी) के लिए 32 हजार प्रधानमंत्री आवास भी स्वीकृत किए गए, जिससे अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंच रहा है।
किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान का दाम
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीद रही है। किसान कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और खेती को लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक संबल
उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की पात्र महिलाओं के खातों में हर महीने 1000 रुपये की राशि सीधे भेजी जा रही है। इस योजना ने महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ परिवारों की आर्थिक सुरक्षा भी बढ़ाई है।
बस्तर में लौट रही शांति, विकास को मिली रफ्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी नक्सलवाद बस्तर के विकास में सबसे बड़ी बाधा था, लेकिन अब वहां शांति और विकास का नया दौर शुरू हो चुका है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है और विकास की मुख्यधारा अंतिम गांव तक पहुंच रही है।
रामलला दर्शन योजना से हजारों श्रद्धालुओं को लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम का ननिहाल है। रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। सरकार “विकास भी और विरासत भी” के मूलमंत्र पर कार्य कर रही है।
सुशासन और डिजिटल सेवाओं पर जोर
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है, जहां सुशासन एवं अभिसरण विभाग की स्थापना की गई है। सरकारी सेवाओं को पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध बनाने के लिए तेजी से डिजिटलीकरण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से नागरिक 24 घंटे अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए लगभग 8 हजार अधिकारी-कर्मचारियों को चार स्तरीय व्यवस्था से जोड़ा गया है। साथ ही प्रत्येक पंचायत में अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जहां नागरिकों को विभिन्न प्रमाणपत्र और सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही हैं।
कार्यक्रम में विधायक श्री अनुज शर्मा, श्री रामकुमार यादव, झेरिया यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष श्री जगनीक यादव, श्री भगत सिंह यादव, श्रीमती आशा संतोष यादव सहित प्रदेशभर से आए समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।