गरियाबंद: अमलीपदर की ऐतिहासिक रथयात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री, भगवान जगन्नाथ से प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

गरियाबंद: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अमलीपदर की ऐतिहासिक रथयात्रा छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आस्था और सामाजिक समरसता की अमूल्य धरोहर है। भगवान श्री जगन्नाथ सबको साथ लेकर चलने और लोककल्याण का संदेश देते हैं। मुख्यमंत्री गुरुवार को गरियाबंद जिले के अमलीपदर में आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथयात्रा महापर्व में शामिल हुए और भगवान जगन्नाथ, बलभद्र तथा माता सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।


इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, राजिम विधायक रोहित साहू, छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन महाराज सहित अनेक जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि शासन की प्रत्येक योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और हर नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए।


सितंबर तक बढ़ी बिजली बिल समाधान योजना


मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना की अंतिम तिथि, जो जून तक निर्धारित थी, उसे उपभोक्ताओं की सुविधा को देखते हुए तीन महीने बढ़ाकर सितंबर 2026 तक कर दिया गया है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि सरकार आम नागरिकों पर आर्थिक बोझ कम करने के लिए संवेदनशील निर्णय ले रही है।


महतारी वंदन योजना से महिलाओं को मिला आत्मविश्वास
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। पात्र महिलाओं के बैंक खातों में प्रतिमाह सीधे राशि हस्तांतरित होने से वे आत्मनिर्भर बन रही हैं और परिवार की आर्थिक मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सशक्त होना विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे मजबूत आधारशिला है।


42 हजार से अधिक शिकायतों का हुआ निराकरण
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है। शासन को प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है और वे स्वयं प्रतिदिन उनकी समीक्षा करते हैं। अब तक 42 हजार से अधिक शिकायतों का सफल निराकरण किया जा चुका है, जो सुशासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
बाल्टीजोर नाले पर बनेगा पुल
क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री ने बाल्टीजोर नाले पर पुल निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पुल बनने से वर्षभर सुरक्षित और सुगम आवागमन संभव होगा तथा ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार जैसी आवश्यक सुविधाओं तक पहुंचने में बड़ी राहत मिलेगी।


बच्चों से आत्मीय मुलाकात
रथयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने अपना काफिला रोककर सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं और विद्यालय की गतिविधियों पर चर्चा की तथा उनके साथ सेल्फी भी खिंचवाई। मुख्यमंत्री का यह सहज और आत्मीय व्यवहार लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा।


भक्तिमय माहौल में निकली ऐतिहासिक रथयात्रा
अमलीपदर की ऐतिहासिक रथयात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भक्ति संगीत, धार्मिक अनुष्ठानों और जयघोषों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। कार्यक्रम में कलेक्टर बी.एस. उईके, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment