जशपुर: जशपुर वनमण्डल ने वनभूमि पर अवैध अतिक्रमण के प्रयास को विफल करते हुए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल की है। वन परिक्षेत्र बगीचा के सोनगेरसा स्थित कक्ष क्रमांक पी.एफ.-1253 में लगभग 3 हेक्टेयर वनभूमि पर अतिक्रमण की कोशिश की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया। इसके बाद उसी दिन पूरे क्षेत्र में 5,000 पौधों का वृहत वृक्षारोपण किया गया।
वन विभाग के अनुसार, कुछ लोगों द्वारा वनभूमि की झाड़ियों की सफाई कर कब्जे का प्रयास किया जा रहा था। सूचना मिलते ही इसकी जानकारी वनमण्डलाधिकारी जशपुर और उपवनमण्डलाधिकारी पत्थलगांव को दी गई। उनके निर्देश पर वन परिक्षेत्राधिकारी बगीचा के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की।

कार्रवाई के दौरान वन विभाग को स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का भी भरपूर सहयोग मिला। बीडीसी सदस्य, ग्राम पंचायत सोनगेरसा के सरपंच, पंचगण और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी में वनभूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। इसके बाद भूमि को सुरक्षित रखने और भविष्य में दोबारा अतिक्रमण की आशंका को रोकने के उद्देश्य से पूरे क्षेत्र में 5,000 पौधे लगाए गए।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वनभूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण, जंगलों की कटाई या प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने यह भी कहा कि वन संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के लिए स्थानीय समुदाय की सहभागिता को लगातार बढ़ावा दिया जाएगा।
इस अवसर पर वन अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से वन संरक्षण का संकल्प लिया तथा अधिक से अधिक पौधारोपण और वन संपदा की सुरक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। वनमण्डल जशपुर ने इस अभियान को पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता का एक महत्वपूर्ण उदाहरण बताया।