जशपुर: जिले में संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर रोहित व्यास ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है, इसलिए निर्माण कार्यों में लापरवाही या अनावश्यक देरी बिल्कुल स्वीकार नहीं की जाएगी।
पत्थलगांव जनपद पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने निर्माण पोर्टल के माध्यम से विभागवार और योजनावार स्वीकृत निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान पूर्ण, प्रगतिरत और लंबित कार्यों की स्थिति की जानकारी ली गई।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार, विभिन्न निर्माण एजेंसियों के अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
3 अगस्त तक सभी स्वीकृत कार्य शुरू करने के निर्देश
समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने धीमी गति से चल रहे निर्माण कार्यों पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उन्हें पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से नियमित स्थल निरीक्षण कर प्रगति की निगरानी करने को कहा। साथ ही निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत लेकिन प्रारंभ नहीं हुए निर्माण कार्यों को 3 अगस्त तक हर हाल में शुरू किया जाए।
निर्माण पोर्टल पर नियमित अपडेट अनिवार्य
कलेक्टर रोहित व्यास ने कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और उनकी वास्तविक प्रगति निर्माण पोर्टल पर समय-समय पर अपडेट की जाए, ताकि कार्यों की प्रभावी निगरानी हो सके। उन्होंने अधिकारियों को पोर्टल में दर्ज जानकारी को वास्तविक स्थिति के अनुरूप अद्यतन रखने के भी निर्देश दिए।
गुणवत्ता से समझौता नहीं
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने और निर्माण की गुणवत्ता, प्रगति तथा उपयोगिता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने दोहराया कि विकास कार्यों का सीधा लाभ आम जनता तक पहुंचना चाहिए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।