जशपुर: मेडिकल कॉलेज में इसी सत्र से शुरू होगी एमबीबीएस की पढ़ाई, तैयारियां अंतिम चरण में ,स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने की समीक्षा, 50 सीटों के साथ होगी शुरुआत, झरगांव पॉलीटेक्निक परिसर में अस्थायी संचालन

जशपुर: जशपुर जिले के लिए बहुप्रतीक्षित मेडिकल कॉलेज अब हकीकत बनने की ओर है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से कुनकुरी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में मेडिकल कॉलेज की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में जशपुर सहित गीदम (दंतेवाड़ा), मनेन्द्रगढ़, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम के नवीन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों की स्वशासी समितियों की प्रगति की समीक्षा की गई। स्वास्थ्य मंत्री ने अधोसंरचना विकास, मानव संसाधन, वित्तीय प्रबंधन और इसी शैक्षणिक सत्र से एमबीबीएस की पढ़ाई प्रारंभ करने की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की।

कलेक्टोरेट में हुई बैठक, जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

जशपुर कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में विधायक गोमती साय, विधायक रायमुनी भगत, कलेक्टर रोहित व्यास, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. एस.पी. कुजूर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा, चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधिकारी, मेडिकल कॉलेज के प्राध्यापक और विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए।

50 एमबीबीएस सीटों से होगी शुरुआत

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि फिलहाल प्रत्येक नए मेडिकल कॉलेज को 50 एमबीबीएस सीटों की स्वीकृति मिली है। भविष्य में आवश्यकता और उपलब्ध संसाधनों के अनुसार सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू होगी और जरूरत पड़ने पर प्रारंभिक चरण में अस्थायी व्यवस्थाएं भी की जाएंगी।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक सुविधाओं पर रहेगा फोकस

स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेडिकल कॉलेज में आधुनिक प्रयोगशालाएं, स्मार्ट क्लासरूम, छात्रावास, अस्पताल और अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही शिक्षकों, चिकित्सकों और कर्मचारियों के लिए आवास की व्यवस्था भी प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाए।

झरगांव पॉलीटेक्निक परिसर में होगा अस्थायी संचालन

कलेक्टर रोहित व्यास ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के स्थायी भवन के निर्माण तक झरगांव स्थित शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज परिसर में अस्थायी रूप से कॉलेज का संचालन किया जाएगा। यहां क्लासरूम, प्रयोगशालाएं, छात्रावास और अन्य आवश्यक सुविधाएं तेजी से विकसित की जा रही हैं। विद्यार्थियों के लिए छात्रावास को भी निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार किया जाएगा।

शिक्षकों और डॉक्टरों की नियुक्ति शुरू

मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. एस.पी. कुजूर ने बताया कि कॉलेज के लिए अब तक 2 प्रोफेसर, 4 असिस्टेंट प्रोफेसर, 10 प्रशिक्षक चिकित्सक, 4 सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर, 10 बॉन्ड डॉक्टर सहित अन्य कर्मचारियों की नियुक्ति की जा चुकी है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) के मानकों के अनुरूप सभी तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं।

जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार

बैठक में विधायक गोमती साय और रायमुनी भगत ने जशपुर में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल का आभार व्यक्त किया तथा कॉलेज के सफल संचालन में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

जशपुर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि

मेडिकल कॉलेज शुरू होने से जशपुर और आसपास के जिलों के विद्यार्थियों को एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। साथ ही जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को भी विशेषज्ञ डॉक्टर, बेहतर चिकित्सा सुविधाएं और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment