जशपुर: जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घुटरी में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या करने वाले आरोपी पति को जशपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई को ग्रामीणों से सूचना मिली कि ग्राम घुटरी निवासी 46 वर्षीय दुबेश्वरी बाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां महिला अपने घर में मृत अवस्था में मिली।
जांच में सामने आई हत्या की सच्चाई
मौके पर पूछताछ के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि मृतिका और उसके पति जगेश्वर राम (48 वर्ष) के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था।
शव का पंचनामा करने के दौरान पुलिस ने महिला के गले पर चोट के निशान तथा सिर में गंभीर चोट पाई। संदेह होने पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। डॉक्टर की रिपोर्ट में शरीर पर लगी अंदरूनी एवं बाहरी गंभीर चोटों के कारण मृत्यु को हत्यात्मक बताया गया। इसके बाद पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी पति को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस पूछताछ में आरोपी जगेश्वर राम ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि घटना के दिन शराब नहीं मिलने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान उसने पत्नी से सब्जी बनाने को कहा, लेकिन पत्नी के मना करने पर वह गुस्से में आ गया और हाथ, मुक्कों व लात से उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी। मारपीट इतनी गंभीर थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने और अपराध स्वीकार करने के बाद विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
मामले की जांच एवं गिरफ्तारी में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, सहायक उपनिरीक्षक मनोज साहू, स्नेहलता सिंह, पीएसआई लक्ष्मी मरकाम, जितेंद्र साहू, महिला आरक्षक नीलम टोप्पो, आरक्षक उपेंद्र सिंह तथा नगर सैनिक थानेश्वर देशमुख और रवि डनसेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिले के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि ग्राम घुटरी में पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।