जशपुर: जिले में विद्यार्थियों की गणितीय दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित ‘जश लर्न’ कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विकासखंड कुनकुरी की सहायक शिक्षिका सुश्री अनिता एक्का को गोल्ड कैटेगरी सम्मान से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि पर कलेक्टर रोहित व्यास सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
प्राथमिक शाला गोरिया में पदस्थ सहायक शिक्षिका अनिता एक्का ने जश लर्न कार्यक्रम के अंतर्गत सर्वाधिक ट्यूटरिंग कॉल कर विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को प्रभावी रूप से जोड़ा। उनके सतत प्रयासों और समर्पित कार्यशैली के कारण बच्चों के गणितीय कौशल में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया। वे विकासखंड कुनकुरी की पहली शिक्षिका हैं, जिन्होंने इस कार्यक्रम में गोल्ड कैटेगरी का सम्मान प्राप्त किया है।
कलेक्टर रोहित व्यास ने कहा कि अनिता एक्का की यह उपलब्धि जिले के अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके उत्कृष्ट कार्य से जश लर्न कार्यक्रम के उद्देश्यों को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा अधिक से अधिक विद्यार्थी गणित की आधारभूत संक्रियाओं में दक्ष बन सकेंगे।
क्या है जश लर्न कार्यक्रम?
जशपुर जिले में संचालित यह नवाचारी कार्यक्रम कक्षा तीसरी से पांचवीं तक के विद्यार्थियों को जोड़, घटाव, गुणा और भाग जैसी आधारभूत गणितीय संक्रियाओं में दक्ष बनाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। इसकी सबसे खास बात यह है कि विद्यालय समय समाप्त होने के बाद शिक्षक विद्यार्थियों के अभिभावकों से फोन पर संपर्क कर बच्चों को उनके शैक्षणिक स्तर के अनुसार उपचारात्मक शिक्षण प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यार्थियों का बेसलाइन आकलन कर उनकी सीखने की क्षमता का मूल्यांकन किया जाता है। इसके बाद प्रत्येक सप्ताह विद्यालय से तीन विद्यार्थियों का चयन कर उनके अभिभावकों के माध्यम से नियमित ट्यूटरिंग कॉल की जाती है। इस प्रक्रिया से बच्चों में गणित विषय के प्रति रुचि, आत्मविश्वास और आधारभूत समझ लगातार विकसित हो रही है।
गौरतलब है कि जश लर्न कार्यक्रम वर्तमान में पूरे छत्तीसगढ़ में केवल जशपुर जिले में संचालित किया जा रहा है, जिसे शिक्षा के क्षेत्र में एक नवाचारी पहल माना जा रहा है।