जशपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से जिले के मनोरा व सन्ना के दूरस्थ गांवों में 4G मोबाइल टावर स्थापना को मिली मंजूरी

जशपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से जशपुर जिले के दूरस्थ और नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। भारत सरकार के डिजिटल भारत निधि (DBN) एवं यूनिवर्सल सर्विस ऑब्लिगेशन फंड (USOF) के तहत संचालित 4G Saturation Project के अंतर्गत जिले के चार गांवों में बीएसएनएल के 4जी मोबाइल टावर स्थापना के लिए अनापत्ति एवं कार्यानुमति प्रदान कर दी गई है। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी, जशपुर ने आदेश जारी किया है।


आदेश के अनुसार, भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) द्वारा दूरस्थ एवं नेटवर्क विहीन ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल और इंटरनेट सेवाओं के विस्तार के लिए प्रस्ताव भेजा गया था। इसके बाद बीएसएनएल के तकनीकी दल और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त सर्वेक्षण (जॉइंट सर्वे) कर चयनित स्थलों का खसरा, नक्शा एवं भूमि संबंधी अभिलेखों का परीक्षण किया। तकनीकी एवं भौगोलिक दृष्टि से उपयुक्त पाए जाने के बाद संबंधित स्थानों पर मोबाइल टावर स्थापना की अनुमति दी गई है।

इन गांवों में स्थापित होंगे 4जी मोबाइल टावर

तहसील मनोरा – ग्राम पंचायत ओरकेला, ग्राम ओरकेला

तहसील मनोरा – ग्राम पंचायत तालासिली, ग्राम तालासिली (हर्रापाठ)

तहसील सन्ना – ग्राम पंचायत सन्ना, ग्राम सन्ना (ननकीपाठ)

तहसील सन्ना – ग्राम पंचायत लोरो, ग्राम चटकपुर (ढाकनपानी)


आदेश में कहा गया है कि प्रत्येक स्थल पर अधिकतम 0.020 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर बीएसएनएल को 4जी मोबाइल टावर एवं उससे संबंधित दूरसंचार अधोसंरचना स्थापित करने की कार्यानुमति दी गई है।

ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ

इन गांवों में मोबाइल टावर स्थापित होने से स्थानीय नागरिकों को बेहतर मोबाइल नेटवर्क और हाई-स्पीड इंटरनेट सुविधा उपलब्ध होगी। इससे ऑनलाइन शिक्षा, डिजिटल संचार, टेलीमेडिसिन, ई-गवर्नेंस सेवाएं, स्वास्थ्य सेवाएं तथा आपातकालीन संचार व्यवस्था और अधिक सुलभ हो सकेगी। लंबे समय से नेटवर्क की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि निर्माण कार्य के दौरान भारत सरकार एवं राज्य शासन के सभी सुरक्षा मानकों का पालन करना होगा। पर्यावरण एवं सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक प्रावधानों का अनुपालन अनिवार्य रहेगा। कार्य पूर्ण होने के बाद टावर एवं संबंधित अधोसंरचना के रखरखाव की जिम्मेदारी बीएसएनएल की होगी। किसी भी प्रकार की शासकीय संपत्ति, वन क्षेत्र, सार्वजनिक मार्ग अथवा विद्युत संरचना को क्षति होने पर संबंधित एजेंसी जिम्मेदार होगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रदेश के दूरस्थ एवं आदिवासी अंचलों में डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत करने को प्राथमिकता दे रहे हैं। जशपुर जिले के इन चार गांवों में 4जी मोबाइल टावर स्थापना की कार्यानुमति को ग्रामीण विकास, डिजिटल समावेशन और आधुनिक संचार सुविधाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment