नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी! छत्तीसगढ़ में 1,703 पदों पर निकली भर्ती, 5 नवंबर से आवेदन शुरू

दिवाली से पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने युवाओं को दिया रोजगार का बड़ा अवसर, सहायक ग्रेड-3 के सबसे अधिक 1,206 पदों पर होगी भर्ती

पहली बार छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल आयोजित करेगा लिखित परीक्षा, 27 नवंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन

रायपुर: छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का बड़ा अवसर सामने आया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने विभिन्न विभागों में 1,703 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने समूह-2, तृतीय श्रेणी (स्नातकोत्तर एवं स्नातक स्तर), उपसमूह-02 के अंतर्गत विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। खास बात यह है कि मंडल द्वारा इन पदों के लिए पहली बार लिखित भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी।

इन पदों पर होगी भर्ती

जारी अधिसूचना के अनुसार कुल 1,703 पदों में सबसे अधिक सहायक ग्रेड-3 के 1,206 पद शामिल हैं। इसके अलावा सहायक उप निरीक्षक (जिला इकाई संवर्ग) के 279, शीघ्रलेखक (हिंदी) के 30, उप निरीक्षक-अ (शीघ्रलेखक, सामान्य शाखा) के 34, स्टेनो टाइपिस्ट के 23, डाटा एंट्री ऑपरेटर के 25, शीघ्रलेखक (द्विभाषी) के 13, पंजीयक लिपिक के 50, सहायक उप निरीक्षक-अ (सामान्य शाखा) के 40 और शीघ्रलेखक (अंग्रेजी) के 3 पदों पर भर्ती की जाएगी।

27 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन

भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 5 नवंबर 2026 से शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 27 नवंबर 2026 शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार के लिए 28 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक शाम 5 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।

10 जनवरी 2027 को होगी लिखित परीक्षा

छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा भर्ती परीक्षा 10 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र 4 जनवरी 2027 से मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। परीक्षा प्रदेश के पांच संभागीय मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी।

स्थानीय अभ्यर्थियों को वापस मिलेगा परीक्षा शुल्क

भर्ती प्रक्रिया में छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी अभ्यर्थियों के लिए भी राहत की व्यवस्था की गई है। परीक्षा में उपस्थित होने वाले स्थानीय अभ्यर्थियों को नियमानुसार परीक्षा शुल्क उसी बैंक खाते में वापस किया जाएगा, जिससे आवेदन शुल्क का भुगतान किया गया है।

यहां देखें भर्ती की पूरी जानकारी

भर्ती से संबंधित पदों का विवरण, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और अन्य महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट https://cgssb.cgstate.gov.in पर जा सकते हैं।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment