जशपुर: सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दुर्घटनाजन्य स्थलों की समीक्षा, सभी विभागों को समन्वय से कार्य करने के निर्देश

जशपुर: जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कलेक्टर रोहित व्यास ने जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु केवल जनहानि तक सीमित नहीं होती, बल्कि इसका गंभीर प्रभाव परिवार, समाज और अर्थव्यवस्था पर भी पड़ता है। इसलिए सड़क सुरक्षा नियमों का प्रभावी क्रियान्वयन सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट, दुर्घटनाजन्य एवं अति दुर्घटनाजन्य स्थलों पर किए गए सुधारात्मक कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां सुधार कार्य लंबित हैं, उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम किया जा सके।

कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े प्रत्येक बिंदु पर गंभीरता से काम किया जाए और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सभी कदम समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किए जाएं।

बैठक में कलेक्टर ने आरबीसी 6-4 के प्रकरणों की भी समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करें तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निराकरण सुनिश्चित करें।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment