जशपुर: जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कलेक्टर रोहित व्यास ने परिवहन विभाग को ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। यह निर्देश जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करना सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने परिवहन विभाग को निर्देशित किया कि ओवरलोडिंग एवं ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।
बैठक में कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे खड़े वाहनों पर भी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे खड़े वाहन दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनते हैं, इसलिए ऐसे वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जाए और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सड़क सुरक्षा नियमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।