जशपुर: जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों के सुरक्षित संचालन को लेकर कलेक्टर रोहित व्यास ने सख्त निर्देश दिए हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि जिले के किसी भी आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन जर्जर अथवा असुरक्षित भवनों में नहीं किया जाए। सभी सीडीपीओ सुरक्षित भवनों में ही आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन सुनिश्चित करें।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने सभी सुपरवाइजरों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र परिसर की साफ-सफाई बनाए रखने, झाड़ियों की कटाई कराने तथा सांप-बिच्छू जैसे खतरों से बचाव के लिए सतत निगरानी रखने को कहा।
कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने ‘रेडी टू ईट’ सामग्री की गुणवत्ता एवं एक्सपायरी तिथि पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी केंद्र में अवधि समाप्त हो चुकी सामग्री का वितरण नहीं होना चाहिए।
बैठक में स्वीकृत आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्माणाधीन भवनों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा कोई भी स्वीकृत भवन अप्रारंभ नहीं रहने देने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत पीवीटीजी बसाहटों में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवनों एवं पेयजल व्यवस्था से जुड़े कार्यों को भी निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।