जशपुर: कलेक्टर रोहित व्यास ने महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक में महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, बच्चों की अपार आईडी तथा हितग्राहियों के आभा कार्ड से संबंधित लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समय पर पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों की ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में नए पंजीयन, बच्चों की अपार आईडी तथा हितग्राहियों के आभा कार्ड की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने प्रत्येक ग्राम पंचायत के कम से कम एक आंगनबाड़ी केंद्र में पंचायत के माध्यम से विद्युत व्यवस्था, लाइट एवं पंखे की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि यह कार्य एक माह के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए, ताकि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों एवं हितग्राहियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।