जशपुर: 11 अगस्त को कुनकुरी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे तिरंगा यात्रा में शामिल, भाजपा ने तैयारियों को लेकर बनाई व्यापक रणनीति

जशपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला जशपुर की जिला पदाधिकारियों की मासिक बैठक गुरुवार को जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में 11 अगस्त को कुनकुरी में आयोजित होने वाली मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक और जनभागीदारी वाला आयोजन बनाने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की गई। साथ ही संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, घर-घर तिरंगा अभियान, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर भी विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में पत्थलगांव विधायक गोमती साय, जशपुर विधायक रायमुनी भगत, पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने की।

11 अगस्त की तिरंगा यात्रा को भव्य बनाने पर जोर

जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने पिछली बैठक में सौंपे गए दायित्वों की समीक्षा करते हुए सभी मंडल प्रभारियों को लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रत्येक अभियान को समयबद्ध और प्रभावी तरीके से सफल बनाना सभी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने 11 अगस्त को कुनकुरी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की प्रस्तावित तिरंगा यात्रा में अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

राष्ट्रभक्ति का संदेश देंगे अभियान

पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रहित और समाज सेवा के मूल मंत्र के साथ कार्य करने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि घर-घर तिरंगा अभियान, तिरंगा यात्रा और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस जैसे कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का माध्यम हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को प्रत्येक घर तक पहुंचाने का आग्रह किया।

सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाने का आह्वान

बलरामपुर जिला प्रभारी ओमप्रकाश सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार बनने के बाद जशपुर सहित पूरे प्रदेश में ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने जशपुर के लिए रेलवे लाइन परियोजना के गजट प्रकाशन, मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति, आर्चरी विश्वविद्यालय सहित शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना से जुड़े कार्यों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर सरकार और भाजपा के खिलाफ फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार का तथ्यों के आधार पर जवाब देना भी प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।

घर-घर तिरंगा अभियान और संत रविदास जयंती की तैयारियां

जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल एवं जिला उपाध्यक्ष उपेन्द्र यादव ने आगामी शिरोमणि संत रविदास महाराज जयंती, घर-घर तिरंगा अभियान तथा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने सभी मंडलों में इन कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने की अपील की।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 11 अगस्त को कुनकुरी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए प्रत्येक मंडल से अधिकतम कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी तथा सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएंगी।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री मुकेश शर्मा ने किया।

जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फ़ैज़ान सरवर खान ने बताया कि बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश नन्दे, नगर पालिका अध्यक्ष अरविन्द भगत, आनंद शर्मा, शांति भगत, संतोष सिंह, आलोक सारथी, कपिल साय, राजकपूर भगत, श्रीनायक मिश्रा, नटवर मूंदड़ा, पुरुषोत्तम सिंह, सुनीति भोई, सावित्री निकुंज, शंकर गुप्ता, शरद चौरसिया, पिंकी गुप्ता, देवधन नायक, अनूप नारायण सिंह, श्यामलाल भगत, दिनेश प्रसाद, संजीव ओझा, हरिशंकर यादव, विजय शर्मा, संजय लोहिया, गणेश जैन, उमाशंकर भगत सहित जिला पदाधिकारी एवं मंडल प्रभारी उपस्थित रहे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment