हिंदू कुल तिलक स्व. कुमार दिलीप सिंह जूदेव को पुण्यतिथि पर भाजपा ने किया नमन

जशपुर। हिंदू कुल तिलक, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं जशपुर की माटी के गौरव स्वर्गीय कुमार दिलीप सिंह जूदेव जी की पुण्यतिथि के अवसर पर जिला भाजपा जशपुर द्वारा उनकी प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने जूदेव जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उनके संघर्ष, साहस, राष्ट्रसेवा, सामाजिक समर्पण एवं सांस्कृतिक चेतना को नमन किया।

कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश महामंत्री एवं स्वर्गीय जूदेव जी के साथी रहे कृष्ण कुमार राय, पत्थलगांव विधायक एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती साय, जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत, भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश नन्दे एवं बलरामपुर जिला प्रभारी ओमप्रकाश सिन्हा ने स्वर्गीय जूदेव जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित किया।

पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने स्वर्गीय जूदेव जी के साथ अपने लंबे जुड़ाव को स्मरण करते हुए कहा कि उनके साथ बिताया समय उनके जीवन की अमूल्य स्मृतियों में शामिल है। जूदेव जी का व्यक्तित्व अद्भुत ऊर्जा, स्पष्टवादिता, साहस और आत्मीयता से परिपूर्ण था। वे कार्यकर्ताओं में ऊर्जा और समाज में विश्वास पैदा करने वाले जननेता थे। उन्होंने कहा कि जूदेव जी के संघर्ष और राष्ट्रसेवा की गाथा आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी।

पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय ने कहा कि स्वर्गीय जूदेव जी का व्यक्तित्व संघर्ष, त्याग और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक था। उन्होंने समाज और राष्ट्र के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके जीवन से हमें जनसेवा, संगठन के प्रति निष्ठा और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रेरणा मिलती है।

भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश नन्दे एवं बलरामपुर जिला प्रभारी ओमप्रकाश सिन्हा ने संयुक्त रूप से अपने उद्बोधन में कहा कि स्वर्गीय कुमार दिलीप सिंह जूदेव जी का जीवन राष्ट्र, समाज, संस्कृति और सनातन मूल्यों की सेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि जूदेव जी ने अपने व्यक्तित्व और कृतित्व से जशपुर को प्रदेश और देश के राजनीतिक एवं सामाजिक मानचित्र पर विशिष्ट पहचान दिलाई। उनका नेतृत्व केवल राजनीति तक सीमित नहीं था, बल्कि वे समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने, जनभावनाओं को समझने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाले जननेता थे। उनके विचार, संघर्ष और कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीयता आज भी भाजपा संगठन के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि जूदेव जी की स्मृतियां जशपुर की मिट्टी और यहां के जनमानस में हमेशा जीवंत रहेंगी।

जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत ने कहा कि स्वर्गीय जूदेव जी जशपुर की जनता के दिलों में आज भी उसी सम्मान और आत्मीयता के साथ जीवित हैं। उन्होंने समाज और संस्कृति के संरक्षण के साथ-साथ जनसेवा को अपने जीवन का उद्देश्य बनाया। उनके विचार और कार्यकर्ताओं के प्रति उनका स्नेह भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को निरंतर प्रेरित करता रहेगा।

इस अवसर पर जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला महामंत्री द्वय मुकेश शर्मा एवं मनीष अग्रवाल, नगरपालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद अध्यक्ष गंगा भगत, श्रीमती रजनी प्रधान, ओमप्रकाश साय, गोपाल राय, उपेन्द्र यादव, सावित्री निकुंज, संतोष सिंह, राजकपूर भगत, देवधन नायक, मुकेश सोनी, गोविंद भगत, रूपेश सोनी, शरद चौरसिया, श्रीमती शारदा प्रधान, राजकुमार गुप्ता, नीतू गुप्ता, अनिता पैंकरा, विजय सहाय, विनोद निकुंज, सतीश गोस्वामी, विकास सोनी, संतन भगत, बॉबी ताम्रकार, आशु राय, आदर्श ताम्रकार सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय जूदेव जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। जूदेव जी की स्मृतियों को याद करते हुए वातावरण भावुक हो उठा। श्रद्धांजलि कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि जूदेव जी भले ही आज हमारे बीच भौतिक रूप से उपस्थित नहीं हैं, लेकिन उनके विचार, संघर्ष, राष्ट्रभक्ति और जनसेवा की भावना जशपुरवासियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के हृदय में सदैव जीवित रहेगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment