आधुनिक तकनीक से सुसज्जित क्रिएटर हब बस्तर के युवाओं और स्थानीय प्रतिभाओं को देगा व्यापक मंच-विजय शर्मा

रायपुर, । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने जगदलपुर स्थित लाला जगदलपुरी ग्रंथालय परिसर में स्थापित बस्तर क्रिएटर हब स्टूडियो का शुभारंभ किया। आधुनिक तकनीकी संसाधनों से सुसज्जित यह क्रिएटर हब बस्तर के युवाओं, नवाचारी लोगों और स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी रचनात्मकता, विचारों और प्रतिभा को डिजिटल माध्यमों के जरिए व्यापक मंच तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करेगा।

शुभारंभ के अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने क्रिएटर हब की विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया और वहां उपलब्ध आधुनिक तकनीकी संसाधनों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल दौर में युवाओं के पास अपनी प्रतिभा और विचारों को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए अनेक अवसर उपलब्ध हैं। बस्तर क्रिएटर हब स्थानीय युवाओं को इन अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

उन्होंने युवाओं को डिजिटल माध्यमों का प्रभावी उपयोग करते हुए बस्तर की कला, संस्कृति, लोक परंपरा, पर्यटन, प्राकृतिक सुंदरता और विकास की सकारात्मक तस्वीर को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित किया।

पहले पॉडकास्ट में उप मुख्यमंत्री का इंटरव्यू

बस्तर क्रिएटर हब स्टूडियो के शुभारंभ के साथ ही यहां पहले पॉडकास्ट की शुरुआत भी की गई। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा का इंटरव्यू रिकॉर्ड किया गया।

पहले पॉडकास्ट में उप मुख्यमंत्री ने बस्तर के विकास, युवाओं की भूमिका, डिजिटल माध्यमों के विस्तार और नई तकनीकों के जरिए स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर उपलब्ध कराने सहित विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए।

उन्होंने कहा कि बस्तर के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत इस बात की है कि उन्हें अपनी प्रतिभा को सामने लाने के लिए उचित मंच और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। क्रिएटर हब इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

कंटेंट निर्माण से पॉडकास्ट तक आधुनिक सुविधाएं

बस्तर क्रिएटर हब स्टूडियो में युवाओं को कंटेंट निर्माण, पॉडकास्ट, वीडियो प्रोडक्शन, डिजिटल मीडिया और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

यहां स्थानीय युवा अपने विचारों, अनुभवों, कहानियों, कला और नवाचारों को बेहतर तकनीकी माध्यमों के साथ प्रस्तुत कर सकेंगे। इससे बस्तर की स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी पहचान बनाने और अपने कंटेंट को बड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।

क्रिएटर हब के माध्यम से बस्तर की लोक कला, आदिवासी संस्कृति, पारंपरिक ज्ञान, पर्यटन स्थलों, स्थानीय व्यंजन, हस्तशिल्प, खेल प्रतिभाओं और विकास की कहानियों को नए डिजिटल स्वरूप में प्रस्तुत करने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

बस्तर की स्थानीय कहानियों को वैश्विक मंच देने की पहल

बस्तर क्रिएटर हब का उद्देश्य केवल कंटेंट निर्माण के लिए स्टूडियो उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि स्थानीय विषयों और प्रतिभाओं को व्यापक पहचान दिलाना भी है।

इस पहल के माध्यम से बस्तर के युवा अपने क्षेत्र की वास्तविक कहानियों, स्थानीय संस्कृति और सकारात्मक बदलावों को अपनी आवाज और अपने नजरिए से देश-दुनिया के सामने रख सकेंगे। डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते प्रभाव के बीच यह केंद्र स्थानीय प्रतिभाओं के लिए नए अवसरों का माध्यम बन सकता है।

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने युवाओं से इस सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करने और बस्तर की सकारात्मक पहचान को मजबूत करने का आह्वान किया।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

शुभारंभ कार्यक्रम में महापौर श्री संजय पाण्डेय, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष श्री दिनेश कश्यप सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कमिश्नर श्री डोमन सिंह, आईजी श्री बद्रीनारायण मीणा, कलेक्टर श्री आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ श्री तन्मय खन्ना, सहायक कलेक्टर श्री यशवंत नाईक, शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा क्रिएटर हब से संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।

बस्तर क्रिएटर हब स्टूडियो के शुरू होने से स्थानीय युवाओं को आधुनिक डिजिटल संसाधनों के साथ अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और बस्तर की विशिष्ट पहचान को व्यापक मंच तक पहुंचाने का नया अवसर मिला है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment