रायपुर: राज्य शासन ने 23 आईएएस अधिकारियों के प्रशासनिक दायित्वों में बड़ा फेरबदल करते हुए नई पदस्थापना और अतिरिक्त प्रभार सौंपे हैं। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार कई जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं, जबकि नगरीय प्रशासन, खाद्य, खेल एवं युवा कल्याण, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों में भी अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
सोनमणि बोरा बने प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन
श्री सोनमणि बोरा (1999 बैच) को आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग के प्रमुख सचिव के साथ प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के पद पर अस्थाई रूप से आगामी आदेश तक पदस्थ किया गया है। उन्हें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
वहीं सुश्री आर. शंगीता (2005 बैच) को सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग से हटाकर सचिव, मंत्रालय के पद पर पदस्थ किया गया है।
भुवनेश यादव को आदिम जाति विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार
श्री भुवनेश यादव (2006 बैच) सचिव, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग तथा वाणिज्यिक कर (पंजीयन) विभाग के अतिरिक्त प्रभार के साथ अब आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे।
नगरीय प्रशासन विभाग में भी बदलाव
श्री नीलेशकुमार महादेव क्षीरसागर (2011 बैच) को कलेक्टर, कांकेर के पद से स्थानांतरित कर संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास के पद पर पदस्थ किया गया है।
वहीं श्री रिमिजियुस एक्का (2011 बैच) को संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास के पद से स्थानांतरित कर विशेष सचिव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग बनाया गया है। उन्हें मिशन संचालक, जल जीवन मिशन का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
कांकेर, मुंगेली और सक्ती के कलेक्टर बदले
प्रशासनिक फेरबदल में कई जिलों के कलेक्टर भी बदले गए हैं।
- श्री कुंदन कुमार (2014 बैच) — कलेक्टर, मुंगेली से कलेक्टर, कांकेर
- श्री अमृत विकास तोपनो (2014 बैच) — कलेक्टर, सक्ती से कलेक्टर, मुंगेली
- श्रीमती जयश्री जैन (2016 बैच) — संयुक्त सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग से कलेक्टर, सक्ती
- श्री रणबीर शर्मा (2012 बैच) — संचालक, समाज कल्याण से कलेक्टर, गरियाबंद
- श्री भगवान सिंह उइके (2016 बैच) — कलेक्टर, गरियाबंद से संयुक्त सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग
- श्रीमती तुलिका प्रजापति (2016 बैच) — कलेक्टर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी से कलेक्टर, कबीरधाम
- श्री गोपाल वर्मा (2016 बैच) — कलेक्टर, कबीरधाम से संयुक्त सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग
- सुश्री तनुजा सलाम (2019 बैच) — संचालक, खेल एवं युवा कल्याण से कलेक्टर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी
खेल एवं युवा कल्याण विभाग में भी नई जिम्मेदारी
सुश्री आकांक्षा शिक्षा खलखो (2020 बैच) को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत नारायणपुर के पद से स्थानांतरित कर उप सचिव, वाणिज्य एवं उद्योग तथा सार्वजनिक उपक्रम विभाग में पदस्थ किया गया है। उन्हें संचालक, खेल एवं युवा कल्याण का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
वहीं संचालक खेल एवं युवा कल्याण रहीं सुश्री तनुजा सलाम को कलेक्टर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी बनाया गया है।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम में भी बदलाव
श्री भोसकर विलास संदिपान (2011 बैच), अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ प्रबंध संचालक, नागरिक आपूर्ति निगम का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
उनके कार्यभार ग्रहण करने के बाद सुश्री इफ्फत आरा (2012 बैच) नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध संचालक के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त होंगी।
वहीं श्री जगदीश सोनकर (2013 बैच) को प्रबंध संचालक, अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम से स्थानांतरित कर विशेष सचिव, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग बनाया गया है।
जल जीवन मिशन की जिम्मेदारी रिमिजियुस एक्का को
श्री रिमिजियुस एक्का के मिशन संचालक, जल जीवन मिशन का कार्यभार ग्रहण करने के बाद मो. कैन्सर अब्दुलहक (2007 बैच) जल जीवन मिशन के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त होंगे।
समाज कल्याण विभाग में भी बदलाव
श्री गजेन्द्र सिंह ठाकुर (2019 बैच) उप सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा पुनर्वास विभाग के वर्तमान दायित्वों के साथ संचालक, समाज कल्याण का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे।
वहीं श्रीमती हिना अनिमेष नेताम (2016 बैच) को संचालक, आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान के वर्तमान दायित्वों के साथ प्रबंध संचालक, अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
सरगुजा जिला पंचायत में नई CEO
सुश्री रोमा श्रीवास्तव (2020 बैच) को उप सचिव, मंत्रालय से स्थानांतरित कर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सरगुजा के पद पर पदस्थ किया गया है।
दुर्ग नगर निगम की आयुक्त बनीं लीना कोसम
सुश्री लीना कोसम (2020 बैच), परीक्षा नियंत्रक, छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग को स्थानांतरित कर आयुक्त, नगर पालिक निगम दुर्ग के पद पर पदस्थ किया गया है।
पर्यटन मंडल की जिम्मेदारी सौमिल रंजन चौबे को
श्री सौमिल रंजन चौबे (2021 बैच), उप सचिव, कृषि विभाग को स्थानांतरित कर प्रबंध संचालक, पर्यटन मंडल बनाया गया है।
उनके कार्यभार ग्रहण करने के दिन से पर्यटन मंडल के असंवर्गीय पद को भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ वेतनमान के संवर्गीय पद के समकक्ष घोषित किया गया है।
वहीं श्री विवेक आचार्य (2006 बैच), प्रबंध संचालक, पर्यटन मंडल की सेवाएं तत्काल प्रभाव से उनके पैतृक विभाग वन विभाग को वापस कर दी गई हैं।
बिलासपुर में अपर कलेक्टर की नई पदस्थापना
श्री बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई (2021 बैच), अपर कलेक्टर नारायणपुर को स्थानांतरित कर अपर कलेक्टर, बिलासपुर के पद पर पदस्थ किया गया है।
राज्य शासन के इस प्रशासनिक फेरबदल से जिला प्रशासन, नगरीय प्रशासन, जल जीवन मिशन, खाद्य, पर्यटन, खेल एवं युवा कल्याण और विभिन्न विभागों में अधिकारियों की जिम्मेदारियों में महत्वपूर्ण बदलाव हुआ है।