एम्स रायपुर के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे उपराष्ट्रपति, सुरक्षा, प्रोटोकॉल और यातायात व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

रायपुर: भारत के उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन के 2 सितंबर को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर राज्य शासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय, महानदी भवन में राज्य स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित कर प्रवास की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। बैठक में उनके प्रवास के दौरान सुरक्षा, प्रोटोकॉल, यातायात, चिकित्सा, स्वागत और कार्यक्रम स्थल से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार होंगी व्यवस्थाएं

मुख्य सचिव श्री विकासशील ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक तथा वापसी के दौरान एंट्री और एग्जिट प्लान को बेहतर समन्वय के साथ अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने एयरपोर्ट पर स्वागत व्यवस्था, रिसेप्शन लाइन और एम्स में रिसेप्शन सहित अन्य प्रोटोकॉल संबंधी व्यवस्थाओं के लिए रायपुर कलेक्टर को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही एयरपोर्ट एवं कार्यक्रम स्थल पर पुलिस की पर्याप्त तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्था पर विशेष फोकस

उपराष्ट्रपति के प्रवास को देखते हुए मुख्य सचिव ने गृह विभाग को सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा ठहरने की व्यवस्था, प्रकाश एवं विद्युत व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं और आकस्मिक चिकित्सा सहायता की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने तथा संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

प्रोटोकॉल के अनुरूप होगी बैठक व्यवस्था

बैठक में कार्यक्रम की बैठक व्यवस्था भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल और प्राप्त डायस प्लान के अनुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम की शुरुआत में वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान सहित निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करने को कहा गया।

मुख्य सचिव ने एम्स प्रबंधन और अधिकारियों को भी दीक्षांत समारोह के आयोजन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव श्री अविनाश चंपावत, मुख्यमंत्री के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल, रायपुर कमिश्नर श्री श्याम धावड़े, सुशासन एवं अभिसरण विभाग के संयुक्त सचिव श्री मयंक अग्रवाल, सामान्य प्रशासन विभाग की उप सचिव श्रीमती अंशिका पांडेय, रायपुर कलेक्टर, आईजी रायपुर, एम्स रायपुर के चिकित्सा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment