युवाओं को स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी कार्यप्रणाली को करीब से समझाने अनुभावात्मक शिक्षण कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ

जशपुरनगर, 20 अगस्त 2026/ जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से माय भारत जशपुर द्वारा युवाओं को शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से आज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तपकरा एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बगीचा में पांच दिवसीय अनुभावात्मक शिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।कार्यक्रम के दौरान माय भारत वालंटियर्स को प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की दैनिक कार्यप्रणाली तथा अस्पताल संचालन की विभिन्न गतिविधियों से अवगत कराया जा रहा है। वालंटियर्स को मरीजों के पंजीयन, ओपीडी पर्ची निर्माण, मरीजों को संबंधित विभाग तक पहुंचने में मार्गदर्शन, दवाइयों के स्टॉक एवं उनके उचित रख-रखाव सहित स्वास्थ्य संस्थानों में संचालित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी दी जा रही है।
     इसके साथ ही वालंटियर्स को आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान कार्ड एवं आभा कार्ड के उपयोग तथा इनके माध्यम से मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्रदान की गई। बच्चों के नियमित टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं के लिए संचालित मातृ स्वास्थ्य योजनाओं तथा अन्य जनकल्याणकारी स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संबंध में भी उन्हें विस्तारपूर्वक अवगत कराया जा रहा है। पांच दिवसीय इस अनुभावात्मक शिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों की जमीनी कार्यप्रणाली को करीब से समझने और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति व्यावहारिक जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, कार्यक्रम युवाओं में जनसेवा की भावना विकसित करने तथा शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं एवं सुविधाओं के प्रति आम लोगों में जागरूकता बढ़ाने में भी सहायक होगा।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment