जशपुर। जिले के प्रसिद्ध कैलाश गुफा मार्ग में लगातार बारिश के कारण सड़क धंसने के बाद जिला पंचायत सदस्य गेंदबिहारी महाराज ने प्रभावित स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके की स्थिति का जायजा लेते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखकर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज ने पूर्व में प्राथमिकता के चलाई थी खबर
कैलाश नाथेश्वर गुफा से करीब एक किलोमीटर पहले राटवन के पास सड़क का हिस्सा बारिश के कारण प्रभावित हुआ है। आगामी दिनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के कैलाश गुफा पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और आवागमन व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
सोमवार को सनातन संत समाज के हजारों अनुयायियों के कैलाश गुफा पहुंचकर जल अर्पित करने की संभावना है। गहिरा, श्रीकोट, रामगढ़ और सारासोरो सहित विभिन्न दिशाओं से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
स्थिति को देखते हुए श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की गई है। जिला पंचायत सदस्य गेंदबिहारी महाराज ने निरीक्षण के दौरान आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि हजारों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित यात्रा के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्ग से आवागमन की व्यवस्था की गई है।
श्रद्धालुओं से भी अपील की गई है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें तथा यात्रा के दौरान सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।