रायपुर। नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से बने गंभीर हालात के बीच छत्तीसगढ़ सरकार वहां मौजूद प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर लगातार निगरानी और समन्वय कर रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश पर राज्य सरकार नेपाल में गए छत्तीसगढ़ के नागरिकों की जानकारी जुटाने और उनके परिजनों से संपर्क स्थापित करने के प्रयास कर रही है।
अब तक मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ से जुड़े 9 नागरिकों की स्थिति का पता चला है। इनमें 2 नागरिकों के परिजनों से संपर्क स्थापित हो चुका है, रायपुर के 5 नागरिक सुरक्षित हैं और वापस लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं, जबकि बिलासपुर और सुरगुजा से जुड़े 2 नागरिकों के अब भी लापता होने की सूचना है।
मोनिका और मंजू के परिजनों से संपर्क
रायपुर के महादेव घाट निवासी मोनिका यादव 22 अगस्त को नेपाल गई थीं। नेपाल में बाढ़ के बाद उनके लापता होने और संपर्क टूटने की सूचना सामने आई थी। प्रशासन के अनुसार अब मोनिका यादव के परिजनों से संपर्क स्थापित हो गया है और उनकी स्थिति को लेकर संबंधित स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है।
वहीं, बिलासपुर की 65 वर्षीय मंजू राय चौधरी कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गई थीं। उनके संबंध में भी परिजनों से संपर्क स्थापित हो चुका है। प्रशासन उपलब्ध सूचनाओं का सत्यापन करते हुए आवश्यक समन्वय कर रहा है।
प्रियंका और डॉ. मीना की तलाश जारी
बिलासपुर निवासी 39 वर्षीय प्रियंका चौधरी के नेपाल में लापता होने की सूचना है। वे फिनलैंड की नागरिक हैं। परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर प्रशासन संबंधित एजेंसियों के संपर्क में है और उनकी सुरक्षित तलाश के प्रयास जारी हैं।
इसी तरह सुरगुजा निवासी डॉ. मीना गुप्ता, जो यूनाइटेड किंगडम की नागरिक हैं, भी नेपाल में लापता हैं। उनका अंतिम ज्ञात स्थान रसुवागढ़ी इमिग्रेशन कार्यालय, नेपाल-चीन सीमा बताया गया है। उनकी जानकारी जुटाने के लिए संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों के साथ समन्वय किया जा रहा है।
रायपुर के 5 नागरिक सुरक्षित, लौटने के लिए रवाना
रायपुर के माना क्षेत्र निवासी दिनेश ओझा, प्रेम सिंह जगत, नारायण सेन, यतेंद्र प्रकाशी और दिनेश सिंह ठाकुर के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है। पांचों नागरिक 21 अगस्त को नेपाल गए थे और अब रायपुर लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं।
हर सूचना पर सरकार की नजर
आपदा के बीच राज्य सरकार नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों की जानकारी जुटाने के साथ उनके परिजनों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध करा रही है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के माध्यम से सूचनाओं का लगातार आदान-प्रदान किया जा रहा है। नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों के साथ भी समन्वय बनाए रखा गया है।
राज्य सरकार ने अपील की है कि नेपाल गए छत्तीसगढ़ के किसी नागरिक के संबंध में कोई जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें। संकट की इस घड़ी में प्रभावित नागरिकों और उनके परिवारों की सहायता के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
आपदा सहायता के लिए संपर्क करें
टोल फ्री हेल्पलाइन: 1070
कंट्रोल रूम: 0771-2223471