रायपुर : जामबहार में 3.40 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा नया विद्युत सबस्टेशन

कोरबा। छत्तीसगढ़ के उद्योग, वाणिज्य, श्रम एवं आबकारी मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने कोरबा जिले के बालको क्षेत्र से लगे ग्राम पंचायत जामबहार में 3 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से बनने वाले 33/11 केवी, 5 एमवीए क्षमता के विद्युत सबस्टेशन का विधिवत भूमिपूजन किया।

नए सबस्टेशन के निर्माण से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार होगा और आसपास के अन्य विद्युत सबस्टेशनों पर पड़ने वाला दबाव भी कम होगा।

शहरी और ग्रामीण बस्तियों को मिलेगी बेहतर बिजली आपूर्ति

सबस्टेशन निर्माण के लाभों की जानकारी देते हुए मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने बताया कि इससे कोरबा शहरी क्षेत्र के रूमगरा, बेलगिरी बस्ती, मदरसा मोहल्ला, हवाई पट्टी, खान मोहल्ला और जोगियाडेरा सहित आसपास की बस्तियों में बिजली आपूर्ति बेहतर होगी।

वहीं ग्रामीण क्षेत्र के जामबहार, रोकबहरी, सोनपुरी, परसाबातेल और चुहिया में भी सुचारू विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित होगी। इस योजना से 4 हजार 500 से अधिक उपभोक्ता सीधे लाभान्वित होंगे।

सौर ऊर्जा और बिजली बिल समाधान योजना का लाभ लेने की अपील

समारोह को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा हर घर तक समुचित और गुणवत्तापूर्ण बिजली पहुंचाना है।

उन्होंने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना और बिजली बिल समाधान योजना का लाभ उठाने की अपील की। मंत्री ने कहा कि शासन की इन योजनाओं के माध्यम से आम नागरिकों को ऊर्जा के क्षेत्र में राहत और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

जनप्रतिनिधियों ने बताया क्षेत्र के विकास का महत्वपूर्ण कदम

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह और जिला पंचायत सदस्य रेणुका राठिया ने मंत्री श्री लखनलाल देवांगन के प्रयासों की सराहना करते हुए नए विद्युत सबस्टेशन के निर्माण को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधि रफीक मेमन, निगम पार्षद नरेंद्र देवांगन, सीमा कंवर, जामबहार सरपंच उपन सिंह कंवर तथा बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता एवं कार्यपालन अभियंता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment